भीलवाड़ा. टैक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा खेलों की नर्सरी बनने की दिशा में बढ़ रहा है। यहां चीन की तर्ज पर कड़े अनुशासन में खिलाड़ी तैयार करने की पहल हो चुकी है। शास्त्रीनगर में अग्रवाल भवन के पास महावीर स्कूल ग्राउंड पर स्पोर्ट्स नर्सरी शुरू की गई है, जहां फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन जैसे खेलों में पौध तैयार हो रही है। विशेषज्ञ कोच इन पौध में अभ्यास रूपी खाद-पानी दे रहे हैं। अभी यहां करीब 300 बच्चे नियमित रूप से विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण लेने आते हैं। ज्ञात है कि भीलवाड़ा से कुश्ती एवं हॉकी में कई प्रतिभाएं विश्व पटल पर प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।
विशेषज्ञों का तर्क है कि खेलों की दुनिया में चीन का दबदबा इसलिए बढ़ रहा है, क्योंकि वहां छोटी उम्र में ही प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाता है। पहले पता लगाया जाता है कि बच्चे की रूचि किस खेल में है। फिर कड़े अनुशासन में कठोर प्रशिक्षण दिया जाता है। भीलवाड़ा की स्पोर्ट्स नर्सरी भी इसी तर्ज पर खिलाड़ी तैयार करने में जुटी है।