थानाप्रभारी मुकेश वर्मा ने बताया कि धुंवाला स्थित नाकोडा फ्लाई एेश प्रोडेक्ट के संचालक बराणा (आसींद) निवासी दिनेशचन्द्र पारीक समेत कुछ ईंट मालिकों ने मामला दर्ज कराया था। मुख्य आरोपी श्रवण कुमार, पिता रामजी व भाई मुकेश कुमार माण्डल थाना क्षेत्र में ईंट भट्टों पर थपाई का लेबर ठेका लेते थे। क्षेत्र में पिछले पांच सालों से काम कर रहे थे। इस काम के पेटे ३७ लाख रुपए का इकरार हुआ। इसके बाद भी श्रमिकों को नहीं भेजा गया। पुलिस ने धोखाधड़ी में मामला दर्ज कर श्रवण को गिरफ्तार किया था। उसे सात के दिन रिमाण्ड पर लिया गया। उसके पिता और भाई की तलाश की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर बिहार में कर्जा हो गया था। धोखाधड़ी करके इस राशि से कर्जा चुकाया तथा परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर एफडी भी करवाई। इस पर माण्डल थाने से उपनिरीक्षक शिवचरण के नेतृत्व में एक टीम को बिहार भेजा गया है। टीम वहां से राशि बरामद करने का प्रयास कर रही है।