6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video Viral : हाइवे पर परिवहन विभाग की चौथवसूली , एंट्री के नाम पर दो ट्रक चालकों को सरेराह पीटा

- चित्तौड़गढ़ से हरियाणा जा रहे थे ट्रक चालक, हजारी खेड़ा के निकट की घटना - पुर थाने ले जाकर पुलिस ने धमकाया, घटनाक्रम का वीडियो बनाया तो डिलीट किया

2 min read
Google source verification
Video Viral : हाइवे पर परिवहन विभाग की चौथवसूली , एंट्री के नाम पर दो ट्रक चालकों को सरेराह पीटा

Video Viral : हाइवे पर परिवहन विभाग की चौथवसूली , एंट्री के नाम पर दो ट्रक चालकों को सरेराह पीटा

भीलवाड़ा.

भीलवाड़ा परिवहन विभाग का एक बार फिर हाइवे पर ट्रक चालकों से चौथ वसूली करने का खेल सामने आया है। चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर हजारी खेड़ा के निकट दो ट्रक चालकों को रोककर एंट्री देने के नाम पर उनके साथ परिवहन दस्ते और पुलिस ने रविवार शाम को मारपीट की। यही नहीं एक ट्रक चालक ने घटनाक्रम का वीडियो बनाया तो उसके साथ बदसलूकी की। पुर थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर चालक और खलासियों को थाने ले जाकर धमकाया गया। उनके मोबाइल तोड़ दिए और वीडियो डिलीट कर दिया। एक ट्रक चालक से एंट्री के नाम पर सौ रुपए तक लिए गए। चालक ने परिवहन दस्ते पर मारपीट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट पुर थाने में दी है।

जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा से दो ट्रक चालक हरियाणा जा रहे थे। हजारी खेड़ा के निकट परिवहन विभाग का दस्ता मौजूद था। दस्ते ने एक ट्रक को रोककर चालक से सौ रुपए एंट्री के नाम पर ले लिए। पीछे आ रहे एक अन्य ट्रक के चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और निकल गया। इस पर परिवहन निरीक्षक सुरेश जांगिड़ की अगुवाई में दस्ते ने कुछ दूरी पर पीछा करके रोक लिया।

आरोप है कि रूकते ही दस्ते ने चालक बीकानेर जिले के काकड़ा निवासी मांगीलाल विश्नोई के साथ बदसलूकी की। जिले में प्रवेश के लिए एंट्री मांगी। दस्ता ट्रक ले जाने लगा तो चालक ने चाबी निकाल ली। इस पर परिवहन दस्ते ने चालक के साथ मारपीट की। पीछे आ रहे ट्रक चालक ने घटनाक्रम का विरोध करते हुए वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इससे परिवहन दस्ते में शामिल लोग भड़क गए। दूसरे चालक के साथ भी मारपीट की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। रोड जाम करने का आरोप लगाते हुए पुर थाने से जाप्ते को बुला लिया। पुलिसकर्मियों ने वहां पहुंच कर उन्होंने भी चालक को पीटा। दोनों ट्रकों के चालक और खलासियों को पकड़ कर थाने ले आए। उनके ट्रकों को भी जब्त कर लिया गया।

गाड़ी छुड़ानी है तो अपनी गलती बताओ, सोलह हजार का चालान काट दिया-

थाने पर ट्रक चालक मांगीलाल पर दबाव बनाकर उसे गाड़ी छोड़ने के लिए अपनी गलती बताने के लिए कहा। चालक को कहा कि वह कह दे कि वह गाड़ी भगा रहा था। ऐसे में उसे रोका गया। दूसरे ट्रक चालक की ओर से घटनाक्रम का बनाए गए वीडियो को डिलीट करके उसका मोबाइल तोड़ दिया, लेकिन चालक ने पहले से उस वीडियो को अपने साथी को भेज दिया था। परिवहन दस्ते ने कहे अनुसार बात नहीं मानने पर मांगीलाल के ट्रक का सोलह हजार का ओवरलोड का चालान काट दिया। इस घटनाक्रम का बाद में सोशल मीडिया पर एक मिनट बत्तीस सैकंड का वीडियो वायरल किया गया।

इनका कहना है-

ट्रक का चालान बनाया गया था। नम्बर प्लेट भी गाड़ी पर गलत लगी थी। चालान बनाने से व्यथित होकर चालक फर्जी कहानी बनाकर दबाव बना रहा है। परिवहन दस्ते ने मारपीट नहीं की। रोड जाम करने पर पुलिस ने थोड़ी सख्ती दिखाई। मारपीट का आरोप निराधार है।

- आर.के. चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी, भीलवाड़ा

आरटीओ दस्ते ने पहले गाड़ी नहीं रोकी। पीछा करके बाद में वाहन रोका तो उसका चालान बनाने से खफा हो गया। चालक ने हाइवे पर आड़े वाहन लगाकर रोड जाम किया। मना करने पर भी नहीं मान रहा था। ऐसे में सख्ती करके ट्रक को साइड में किया। मारपीट का आरोप निराधार है। परिवहन दस्ते पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए ट्रक चालक की तरफ से रिपोर्ट आई है। जांच कर रहे हैं।

- शिवराज गुर्जर, थानाप्रभारी, पुर