
कांग्रेसी पार्षदों का हंगामा, आयुक्त का घेराव
भीलवाड़ा. शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण, अवैध निर्माण आदि समस्याओं को लेकर गुरुवार को कांग्रेस पार्षदों ने नगर परिषद में हंगामा किया और आयुक्त का घेराव किया। सत्रह बिन्दुओं की परेशानी को लेकर कांग्रेस पार्षद परिषद का मुख्य द्वार बंद कर धरने पर बैठ गए। इससे पहले चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। पार्षदों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर आयुक्त हेमाराम अपने कक्ष से बाहर आए व उनकी समस्याएं सुनी। आक्रोशित पार्षदों ने आयुक्त का घेराव किया। आयुक्त ने इसी माह समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद नारेबाजी कर परिषद पहुंचे। परिषद गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। आयुक्त हेमाराम ने पार्षदों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी सुनी तो पार्षदों ने खरीखोटी सुनाई। पार्षदों ने आरोप लगाया कि परिषद में पट्टे नहीं बन रहे। विकास के काम नहीं हो रहे और भेदभाव किया जा रहा। अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने 17 मांगों का ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि लगभग एक हजार परिवार ऐसे हैं, जिनके पट्टे बनने बाकी हैं। आयुक्त ने आश्वासन दिया कि जुलाई में बोर्ड बैठक बुलाकर समाधान किया जाएगा। इसके बाद पार्षद शांत हुए।
सभापति के कमरे के बाहर ढोल बजाया
पार्षदों ने सभापति के कमरे के बाहर नारे लगाए व ढोल बजाए। मनोज पालीवाल ने आरोप लगाया कि परिषद के खाली भूखण्ड पर मकान होना बताते पार्षद ने पड़ोसियों का गलत शपथ पत्र लगा परिषद को गुमराह किया। इन पर कार्रवाई की जाए। पार्षद योगेश सोनी, मुकेश शास्त्री, सुशीला बैरवा, अजहर खान, श्यामलाल मल्होत्रा, वसीम शेख, मोहनीदेवी माली, शिवप्रकाश घावरी, कुंदन शर्मा आदि उपस्थित थे।
Published on:
07 Jul 2023 10:26 am
