
फलदान में हर्ष फायर गोली लगने से पूर्व सरपंच की मौत, किशोर घायल
गोरमी/भिण्ड. लगन फलदान समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग में एक 58 वर्षीय पूर्व सरपंच की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं 14 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से ग्वालियर के लिए रेफर किया गया है। वारदात शुक्रवार व शनिवार की दरमियानी रात डेढ़ बजे गोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम अकलौनी में हुई।
पुलिस के अनुसार अकलौनी गांव में रमाकांत शर्मा के घर पर उनके बेटे का लगन फलदान समारोह चल रहा था। उक्त आयोजन में शरीक होने पहुंचे पूर्व सरपंच रामशरण वैशांदर पुत्र रामगोपाल वैशांदर निवासी मोहनपुरा आधी रात के बाद फलदान की रश्म पूरी होने के दौरान कुर्सी पर बैठे कोल्डड्रिंक पी रहे थे। इसी दौरान शुरू हुई हर्ष फायरिंग में एक गोली उनके सिर में जा धंसी। इतना ही नहीं पास में खड़ा देवरी निवासी छात्र हर्ष शर्मा पुत्र अखिलेश शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में रामशरण वैशांदर की मौके पर ही मौत हो गई वहीं हर्ष को नाजुक हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया गया है। बतादें कि गोली लगने से जिस व्यक्ति की मौत हुई वे रिश्ते में दूल्हे के मौसा बताए जा रहे हैं।
- समारोह में हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध के आदेश को धता बता रहे शस्त्रधारक
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने किसी भी समारोह में हर्ष फायरिंग किए जाने पर प्रतिबंधात्मक लगाया है। बावजूद इसके खुशी भरे आयोजनों में न केवल हथियारों का प्रदर्शन हो रहा है बल्कि हर्ष फायरिंग भी बेरोकटोक हो रही है। इस तरह की घटनाओं में निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
- विवेचना शुरू, शीघ्र नामजद करेंगे आरोपी
फलदान समारोह में व्यक्ति की मौत हो जाने और छात्र के घायल होने की घटना में जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपी को नामजद कर उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
बृजेंद्र सिंह सेंगर, थाना प्रभारी गोरमी
---------------------------
Updated on:
17 Jun 2023 01:56 pm
Published on:
17 Jun 2023 01:56 pm
