
Weather Update
MP Weather Update: मध्यप्रदेश में एक बार फिर तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है और मौसम शुष्क होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। रतलाम में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया है, वहीं चार महानगरों में इंदौर सबसे गर्म रहा, यहां भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। साथ ही धार में 41.2, खंडवा में 41.1, उज्जैन में 40.8, भोपाल में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले तीन-चार दिनों से प्रदेश में बादल, बौछारों की स्थिति थी, इसके कारण तापमानों में थोड़ी नमी थी, लेकिन अब सिस्टम कमजोर पड़ने के साथ ही फिर तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। राजस्थान, गुजरात से फिर गर्म हवा आने लगी है। ऐसे में इन दिनों मालवा और निमाड़ क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गए है। 19 जिलों में अब तेज गर्मी के साथ लू चलने का अलर्ट है।
मौसम विज्ञानी ने बताया, प्रदेश में जो सिस्टम बने थे, वह कमजोर हो गए हैं। इस समय हवा का रूख उत्तर पश्चिमी है। ऐसे में अगले तीन चार दिन तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 18 अप्रैल तक गर्मी बढ़ने अनुमान जताया है। इस बीच बारिश की संभावना बहुत कम है।
आने वाले तीन दिनों में जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। प्रदेश में 16 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। जिसका असर दो दिन बाद 19 अप्रैल से दिखेगा। ऐसे में पारा 2 से 3 डिग्री गिर सकता है।
Updated on:
16 Apr 2025, 10:54 AM IST
Published on:
16 Apr 2025, 10:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.