
भोपाल. उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह के महिलाओं के फटी जींस पहनने और बदन दिखाने के बयान को लेकर देश में बवाल मच गया है। महिलाएं एक सुर में सीएम के बयान का विरोध कर रही हैं और इसी बीच अब इस विवाद में मध्यप्रदेश की भी एंट्री हो गई है। मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने सीएम तीरथ सिंह के बयान का समर्थन किया है जिससे अब प्रदेश में भी इसे लेकर बयानबाजी का दौर शुरु होते नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें- किसान आंदोलन में गूंजी शहनाई
बेटियों को मर्यादा में रखने की जरुरत- कमल पटेल
एक मीडिया संस्थान से खास बातचीत के दौरान मंत्री कमल पटेल ने उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह के बयान का समर्थन किया। मंत्री कमल पटेल ने कहा कि अगर हमें बेटियों को सुरक्षित रखना है तो उन्हें मर्यादा में रखने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि कपड़े पहनने में मर्यादा होनी चाहिए। कृषि मंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि हम जब तक पाश्चात्य सभ्यता के पीछे जाएंगे तो दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ेंगी। मंत्री कमल पटेल ने एक कदम आगे बढ़ते हुए ये तक मांग की है कि देश में फटी हुई जींस पहनने पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदन दिखाना हमारी सभ्यता नहीं है।
ये भी पढ़ें- अस्पताल बना अय्याशी का अड्डा
तीरथ सिंह के बयान पर मचा है बवाल
बता दें कि उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह ने बीते दिनों महिलाओं के फटे जींस पहनने और बदन दिखाने को लेकर बयान दिया था। तीरथ सिंह ने महिलाओं के फटी हुई जींस पहनने पर कहा था कि ये कैसे संस्कार हैं,तीरथ सिंह रावत ने युवाओं के पश्चिम सभ्यता की ओर आकर्षित होने और संस्कार सीखने को लेकर भी बयान दिया था। जिसके बाद पूरे देश से सोशल मीडिया पर तीरथ सिंह के बयान के विरोध में तरह तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। देशभर की महिलाओं ने एक सुर में उत्तराखंड सीएम के बयान की निंदा की और कांग्रेस व अन्य राजनैतिक पार्टियों ने भी तीरथ सिंह के बयान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है।
देखें वीडियो- अन्नदाता पर प्रकृति की मार
Published on:
19 Mar 2021, 3:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.