
त्योहार से पहले महंगाई का झटका, दूध के दाम बढ़े, नई दरें लागू
भोपाल. देश के प्रसिद्ध दुग्ध संघों में से एक अमूल ने शनिवार को एक बार फिर दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। अब एक लीटर फुल क्रीम अमूल दूध (अमूल गोल्ड) के पैकेट के लिए 61 रुपए के बजाय 63 रुपए में आने लगा है। वहीं आधा लीटर दूध की कीमत 30 से बढ़कर 31 रुपए कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि, भैंस के दूध की कीमत में भी 2 रुपए प्रति लीटर की दर से बढ़ोतरी की गई है। बता दें कि, लागू की गई नई दरें मध्य प्रदेश समेत देश के गुजरात राज्य को छोड़कर सभी राज्यों पर आज से प्रभावी हो गई हैं। बताया जा रहा है कि, गुजरात में विधानसभा चुनाव के चलते फिलहाल अनूल ने कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। इससे पहले अगस्त और उससे पहले मार्च में भी प्रति लीटर 2 रुपए बढ़ाए गए थे।
क्या है दूध के दाम बढ़ने की वजह ?
फिलहाल, अमूल की ओर से अबतक दाम बढ़ाने के संबंध में कोई आदिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। हालांकि, इससे पहले अगस्त में जब अमूल ने कीमतें बढ़ाईं थीं, तब इसका कारण ऑपरेशन कॉस्ट और मिल्क प्रोडक्शन कॉस्ट में बढ़ोतरी बताया गया था। कंपनी का कहना था कि, पिछले साल की तुलना में पशु के चारे की कीमत लगभग 20 फीसदी बढ़ी है। इनपुट कॉस्ट और पशु आहार में इजाफे को देखते हुए अमूल फेडरेशन से जुड़े दुग्ध संघों ने भी पिछले साल की तुलना में किसानों के दूध खरीद मूल्य में 8-9 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
Published on:
15 Oct 2022 04:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
