
बेमन से की शादी, नाराज पति ने पत्नी को गला घोंटकर मार डाला, डॉक्टर से बोला-मिर्गी का दौरा आ गया
भोपाल. पति ने पत्नी की सिर्फ इसलिए गला घोंटकर हत्या कर दी क्योंकि वो शादी से खुश नहीं था और दूसरी शादी करना चाहता था। आरोपी ने पत्नी के मरने पर उसे डॉक्टर को भी दिखाया और मिर्गी आने से मौत का ड्रामा करने का प्रयास किया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पति की करतूत सामने आई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कोहेफिजा पुलिस ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नवविवाहिता की मौत के मामले में उसके पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
ये है पूरा मामला
ग्राम बरेला निवासी 23 वर्षीय रानू उर्फ रानी पत्नी राज यादव गृहिणी थी। उसका पति निजी अस्पताल में नौकरी करता है। दोनों का 14 माह का बेटा भी है। मंगलवार रात राज यादव ने बेहोशी की हालत में पत्नी रानी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसने डॉक्टर को बताया कि मिर्गी का दौरा पड़ने पर वह बेहोश होकर गिर पड़ी थी। कुछ देर बाद रानी को मृत घोषित कर दिया गया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर डाॅक्टर ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर रानी के पति और ससुराल वालो ने रानी की बीमारी से मौत बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से बचना चाहा, लेकिन नवविवाहिता की मौत का मामला होने से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार रात संक्षिप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रानी की मौत की वजह गला घोंटने से होने की मिली। इस पर पुलिस ने उसके पति राज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पत्नी की हत्या करना कुबूल कर लिया।
पति ने जुर्म कबूल किया
पुलिस पूछताछ में आरोपी पति राज यादव ने बताया कि रानी के पहले पति की मौत हो चुकी थी। स्वजन के दबाव में आकर दो साल पहले उसने रानी से शादी कर ली थी, लेकिन वह उसे बिलकुल पसंद नहीं करता था। वह कहीं और शादी करना चाहता था। इसके लिए वह रानी को रास्ते से हटाना चाहता था। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात में रानी अपने 14 माह के बेटे के साथ सो रही थी, तभी राज ने उसका गला घोंट दिया था। किसी को शक न हो, इसलिए उसने रानी को मिर्गी का दौरा पड़ने से गिरकर बेहोश होना बताया था।
Published on:
22 Jul 2022, 1:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.