
Barber's infected clothes spread corona infection in india
मध्यप्रदेश में कोरोना का कहर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जिसके चलते प्रदेश में करोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। इसी बीच खरगोन जिले से आई एक खबर ने सबको चौंका कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार मप्र के खरगोन जिले में 9 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। वहीं इनमें से 6 केस एक ही गांव के हैं, खास बात ये है कि इस गांव के इन सभी 6 संक्रमितों को एक नाई ने यह संक्रमण फैलाया है।
सामने आ रही जानकारी के अनुसार खरगोन के बड़गांव में एक नाई ने एक ही संक्रमित कपड़े से कई लोगों की कटिंग और शेविंग कर दी। जिसके चलते इस एक ही संक्रमित कपड़े का इस्तेमाल होने से कोरोना लोगों मे फैलता रहा। वहीं इस संबंध में जानकारी सामने आते ही गांव की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं।
एक ही संक्रमित कपड़ा बना कारण...
बताया जाता है कि बड़गांव में एक नाई ने एक ही कपड़े से कई लोगों की कटिंग और शेविंग कर दी, जिससे उसी गांव के 6 लोग संक्रमित हो गए। गुरुवार रात को 6 पॉजिटिव केस आने के बाद शुक्रवार सुबह 3 और पॉजिटिव केस आए हैं। वहीं सुबह जिन लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई, इनमें से दो गोगांवा और एक खरगोन शहर के थे।
ऐसे में अब खरगोन जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 60 हो गई है। वहीं जिले में तेजी से कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ रहे हैं। केवल दो दिन में यहा 19 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दो अलग-अलग आई रिपोर्ट में गुरुवार को 9 पॉजिटिव केस पाए गए, उसमें से भी छह एक ही गांव के निकले।
ज्ञात हो कि शुक्रवार शाम तक भारत में 23 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमण के केस हो चुके हैं, जिनमें से 700 से ज्यादा मौतें हो गई हैं। कोरोना संक्रमण के बाद 4 हजार सात सौ से ज्यादा लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं।
गांव पूरी तरह से सील
कोरोना संक्रमितों के संबंध में सीएमएचओ डॉक्टर दिव्येश वर्मा का कहना है रात में एक ही गांव के छह और सुबह तीन पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें बड़गांव के 6 ग्रामीण पॉजिटिव पाए गए। दरअसल गांव के नाई ने एक ही संक्रमित कपड़े सभी लोगों पर उपयोग कर दिया, इससे अन्य व्यक्ति भी संक्रमित हुए हैं। जिसकी जानकारी मिलने के बाद पूरा गांव सील कर दिया है।
Updated on:
24 Apr 2020, 10:18 PM IST
Published on:
24 Apr 2020, 10:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.