
चैम्बर चुनावों के लिए कलेक्टर से मिले पदाधिकारी, सितंबर के पहले सप्ताह में मिल सकती है तारीख
भोपाल. चैम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव कोविड गाइडलाइन के चलते टाल दिए गए हैं। इस संबंध में शुक्रवार को चैम्बर के पूर्व पदाधिकारी और वर्तमान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तेजकुल पाल सिंह पाली व अन्य कलेक्टर अविनाश लवानिया से मिलने कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि वर्तमान में कोरोना के मरीज भी न के बराबर आ रहे हैं। ऐसे में एसडीएम बैरागढ़ की तरफ से कोविड गाइडलाइन का हवाला देकर चुनावों पर रोक लगाना कहीं से उचित नहीं है। चुनाव में कोरोना गाइडलाइन का पूरा पालन कराया जाएगा।
कलेक्टर अविनाश लवानिया ने उन्हें बताया कि इस माह के आखिर तक गृह विभाग की तरफ से जारी की गई कोविड गाइडलाइन लागू है। संक्रमण की स्थिति यही रही और सितंबर में पहले सप्ताह में कोविड गाइडलाइन समाप्त हो गई तो सितंबर के पहले सप्ताह में चुनाव की कोई तारीख चैम्बर ऑफ कॉमर्स को दी जाएगी। कलेक्टर से मिलने के बाद पदाधिकारियों ने कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में बैठकर आपस में विचार विमर्श भी किया। फिर बात मानकर वहां से चले गए।
हमारी मेहनत बेकार न जाए: रामबाबू शर्मा
चैम्बर चुनाव में प्रगतिशील पैनल से महामंत्री पद के लिए चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी रामबाबू शर्मा ने कहा कि सभी पैनलों के लोग बीते एक महीने से मेहनत कर रहे थे। अपना बिजनेस छोड़कर मतदाताओं से रूबरू हो रहे थे लेकिन अचानक चुनाव स्थगित होने से सभी प्रत्याशियों को निराशा हुई है।
Published on:
28 Aug 2021, 1:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.