
छात्रा की मौत से मौलाना आजाद उर्दू विवि में शोक- image- X @officialmanuu
Maulana Azad Urdu University Student : भोपाल की हाईटेक सिटी में सोमवार को सुबह से ही सन्नाटा पसरा है। यहां रहनेवाली छात्रा सेम शाहिद की असामयिक मौत से हर कोई दुखी है। उस एक तेज रफ़्तार कार ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बिहार से आए परिजनों की उपस्थिति में आज इस छात्रा का पीएम कराया जा रहा है। इसके बाद पुलिस अंतिम संस्कार के लिए शव सौंप देगी। छात्रा को मौत ने खाना खाने का भी समय नहीं दिया। काले रंग की एक कार उसे भूखे पेट ही उड़ा ले गई। छात्रा एक होटल से खाना ला रही थी। वह गांधीनगर के हाईटेक सिटी इलाके में सड़क पार कर रही थी तभी कार ने उसे टक्कर मार दी।
सेम शाहिद भोपाल में पढ़ाई करने आई थी, मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी की थी छात्रा
पुलिस ने बताया कि मृतका का नाम सेम शाहिद पिता फैजान अहमद है। वह मूलरूप से बिहार के वैशाली की रहने वाली थी। सेम शाहिद भोपाल में पढ़ाई करने आई थी। वह मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी की छात्रा थी। सेम शाहिद हाईटेक सिटी में किराए से रहती थी। छात्रा के साथ हुए हादसे से उर्दू विवि में भी शोक पसरा है। विशेष रूप से साथी छात्राएं दुखी हैं।
उर्दू विवि पुलिस के अनुसार, रात को सेम अपनी सहेलियों के साथ एक ढाबे से खाना लेकर पैदल लौट रही थी। मार्केट के पास वह सड़क पार कर रही थी, तभी गांधी नगर की तरफ से आई काले रंग की कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सेम के सिर, गर्दन, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद सहेलियां उसे 108 एंबुलेंस से हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सेम शाहिद की एक सहेली बुशरा ने कार का नंबर नोट कर लिया था। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों के भोपाल पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पीएम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाएगा।
Updated on:
28 Sept 2026 09:15 am
Published on:
28 Sept 2026 08:41 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
