
भोपाल : 4 नवंबर को प्रदेश की सड़कों पर राजनीतिक घमासान होने वाला है। केंद्र सरकार पर प्रदेश के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कांग्रेस आंदोलन करने जा रही है। वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए भाजपा किसान आक्रोश आंदोलन की तैयारियां कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग की अध्यक्षा शोभा ओझा ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रदेश में हुए फसलों के नुकसान के बाद भी केंद्र सरकार ने प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करते हुए कोई सहायता नहीं की। 3 नवंबर को प्रदेश के जिला मुख्यालय पर कांग्रेस प्रवक्ता पत्रकार वार्ता कर केंद्र सरकार की हकीकत बताएंगे। 4 नंवबर को जिला मुख्यालय पर कांग्रेसजन प्रदर्शन करने के साथ ही, कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
भाजपा का किसान आक्रोश आंदोलन :
भाजपा 4 नवंबर को किसान आक्रोश आंदोलन करने जा रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह का कहना है कि कमलनाथ सरकार ने प्रदेश के किसानों के साथ वादाखिलाफी की है। किसानों की उपेक्षा जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा प्रदेशव्यापी आंदोलन कर रही है। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर रहे हैं। उनसे कहा जा रहा है कि किस तरह कांग्रेस ने कर्जमाफी का वादा किया था और उस वादे का क्या हुआ।
बिजली के बिल को हॉफ करने की बात कही थी, लेकिन कैसे लंबे-चौड़े बिल आ रहे हैं। इस आंदोलन के दौरान बिजली के बढ़े हुए बिलों की होली भी जलाई जाएगी। भाजपा के कार्यकर्ता किसानों के बीच जाकर उनसे कह रहे हैं कि वे आंदोलन में अपने साथ बिजली के बिल लेकर जरुर आएं। भाजपा इस आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोडऩे का प्रयास कर रही है।
Published on:
03 Nov 2019 12:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
