
samridh madhya pradesh abhiyan
भोपाल. विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने समृद्ध मध्यप्रदेश का कार्ड खेला है। पार्टी जनता के बीच जाकर भविष्य के प्रदेश के लिए सुझाव लेगी। रविवार को भाजपा कार्यालय से ‘भविष्य का संदेश-समृद्ध मध्यप्रदेश’ के नारे के साथ 50 रथ रवाना किए गए।
ये रथ विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे और स्थानीय नेता एक चाय-एक राय पर चर्चा कर लोगों से सुझाव लेंगे। सरकार बनने पर इन सुझावों पर अमल कर समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
रथों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के साथ महापाप किया है।
गिट्टी की सडक़ मिट्टी की हो गई थी। एक पीढ़ी को अंधेरे में ढकेल दिया था। हमने प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाला है। इस मौके पर प्रभात झा और कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहे।
नाथ बोले: माफी मांगो अभियान चलाएं शिवराज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, सीएम शिवराज सिंह चौहान को माफी मांगो अभियान चलाना चाहिए। समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान के नाम पर गुमराह करने की बजाए घोटाले, किसान आत्महत्या, महिला अपराध, कुपोषण और बेरोजगारी पर माफी मांगें।
नेता-प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, व्यापमं, ई-टेंडर और अन्य घोटाले करने वाली भाजपा की सरकार जुमलों के जरिए ठगने निकली है। कांग्रेस ने आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत भी की है।
हर साल जनता के सामने रखेंगे रिपोर्ट
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए लोग फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर के माध्यम से सुझाव दे सकते हैं। समृद्ध मध्यप्रदेश योजना की हर साल समीक्षा होगी। जनता के सामने रिपोर्ट कार्ड रखा जाएगा।
यह अभियान चौथी बार सरकार बनने के बाद नए आइडिया और सुझावों पर अमल करके प्रदेश को समृद्ध बनाने में भूमिका निभाएगा। जहां तक बात भाजपा के दृष्टि पत्र की है तो उसके लिए घोषणा समिति बनाई गई है। उसका इस अभियान से कोई लेना देना नहीं है।
- नरेंद्र सिंह तोमर, चुनाव संयोजक
Updated on:
22 Oct 2018 01:39 pm
Published on:
22 Oct 2018 01:39 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
