
भोपाल। गुजरात चुनाव प्रचार के दौरान सोशल मीडिया से चर्चा में आए राहुल गांधी के आलू वाले बयान को भाजपा सोशल मीडिया की टीम ने ही एडिट करके वायरल किया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा सोशल मीडिया के वर्कशॉप में यह बात स्वीकार की।
चौहान ने कहा कि गुजरात चुनाव में भाजपा की सोशल मीडिया की टीम ने बहुत अक्ल से काम किया, क्या आपको पता है कि राहुल गांधी ने किस रिफरेंस में यह कहा था कि इधर से आलू डालूंगा और उधर से सोना निकलेगा। राहुल ने यह हमारी लीडरशिप का उपहास करने के लिए बोला था, लेकिन राहुल के उस बयान की ऐसी कटिंग करके हमारी सोशल मीडिया की टीम ने पोस्ट किया कि वहां राहुल का ही बैंड बज गया। चौहान ने अपने कार्यकर्ताओं को नसीहत भी दी कि यही काम सोशल मीडिया का है।
वर्कशॉप को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सोशल मीडिया पर विरोधी अगर हमारी आलोचना करते हैं तो इसका डटकर जवाब दें। कोई सोशल मीडिया पर मुझे गाली देगा तो उसका जवाब क्या मुझे देना चाहिए? सोशल मीडिया पर हमारे इतने सैनिक खड़े हो जाए कि गाली देने वाला ही फंस जाए।
उन्होंने कहा कि तथ्यहीन आरोप और गलत बातों का जवाब डट कर दें, क्योंकि विरोधी इस काम में लगे हुए हैं। अगर हम पलट कर जवाब नहीं देंगे तो उसका नुकसान उठाएंगे। सीएम ने कहा कि हमने तय किया है कि अगर मीडिया में कोई गलत खबर आएगी तो उसका भी खंडन सोशल मीडिया पर करेंगे। प्रतिबद्धता, प्रामाणिकता और विश्वसनीयता सोशल मीडिया में भी बनाकर रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश वाले सोशल मीडिया के मामले में कमजोर रहे हैं, पहले मैं भी सोचता था कि कहां सोशल मीडिया के चक्कर में पड़े, मैन टू मैन कांटेक्ट ही सही है। लेकिन बाद में पता चला जब तक मैन टू मैन कांटेक्ट करेंगे तब तक कबाड़ा ही हो जाएगा।
इसलिए इसके साथ सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क करना बहुत जरूरी है।
नंदकुमार सिंह चोैहान ने कहा कि सिर्फ जन्मदिन की बधाई और महापुरूषों के विचार ही सोशल मीडिया पर न डालें बल्कि अपनी और पार्टी की विचार धारा को भी डाले। चौहान ने आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया विंग की तारीफ करते हुए कहा कि मोबाइल फोन चलाने वाले मतवालों ने ही आम आदमी पार्टी को जन्म दिया है। कांग्रेस ने अपने जमाने में गरीबों को चार बकरियां दे-दे कर चार बार सरकार बना ली और हमारी पार्टी की सरकार मकान बनाने के लिए ढाई लाख तक दे रही लेकिन हम इसका प्रचार नहीं कर पा रहे हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मप्र प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया संभलकर उपयोग करने की नसीहत देते हुए कहा कि वे जो भी कमेंट करेंगे, बिल तो भाजपा का ही कटेगा। सोशल मीडिया पर लाइक और फालोअर्स खरीदे जा रहे हैं, मुझे भी किसी ने दिवाली पर एक हजार ट्विटर फालोअर गिफ्ट किए हैं, लेकिन इस तरह के फर्जी फालोअर्स के बीच काम नहीं करना है। सहस्त्रबुद्धे ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के नए सेगमेंट क्वोरा के उपयोग की सलाह भी दी।
युवा मोर्चा कराएगा कॉफी विद सीएम
दीनदयाल जन्मशताब्दी वर्ष पर युवा मोर्चा सामान्यज्ञान प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हर जिले में स्कूल और कालेज स्तर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान हांसिल करने वाले छात्रों को भोपाल बुलाया जाएगा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की मौजूदगी में कॉफी विद सीएम कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
Published on:
15 Dec 2017 03:46 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
