भोपालः मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव सर पर हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावी रण में अपना लौहा मनवाने के लिए कमर कस चुकी है। इसी बीच खबर सामने आई है कि, बॉलीवुड के तीन मशहूर सितारे भी मध्य प्रदेश के चुनावी मेदान में नज़र आने वाले हैं। चुनाव के दौरान बॉलीवुड फिल्म स्टार गोविंदा, मिथुन चक्रवर्ती और नाना पाटेकर भी प्रदेश के गली शहरों में नजर आएंगे। खास बात यह है कि, यह तीनो सितारे किसी बड़े राजनीतिक दल के लिए नहीं बल्कि, जय आदिवासी युवा संगठन (जयस) के लिए प्रचार करते नज़र आएंगे। दरअसल, जयस दो अक्टूबर को धार जिले के कुक्षी में किसान महा पंचायत का आयोजन करने की तैयारी में है। संगठन के जानकारों से यह बात सामने आई है कि, आयोजन के दौरान बॉलीवुड की इन हस्तियों का जमावड़ा भी जयस के मंच पर दिखेगा।