
रेस्टोरेंट में खाना बनाते समय भभकी आग, दीवार तोड़कर अंदर फंसे तीन लोगों को निकाला बाहर
भोपाल. कोलार मेन रोड पर शुक्रवार शाम पीकऑवर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक मुख्य मार्ग पर स्थित टीनशेड के रेस्टोरेंट से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि अंदर आग की लपटों के बीच एक महिला, पुरुष और एक बच्चा फंसा हुआ है। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम की मदद से तीनों को पीछे की दीवार तोड़कर बाहर निकाला और थाने के मोबाइल वैन से इलाज के लिए रवाना किया।
कोलार फायर स्टेशन प्रभारी पंकज खरे ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सवा 5 बजे ललिता नगर स्थित चटकारा रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो वहां पर कोलार थाने के एसआई जयकुमार अपनी टीम के साथ आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। किचन में सिलेंडर के पाइप में लीकेज के कारण आग लगी थी। आग इतनी विकराल थी कि किचन का सारा सामान चपेट में आ गया। बगल में शेड वाले 3-4 रेस्टोरेंट थे गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची। 45 मिनट में 2 दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
बच्चे की हालत बनी हुई है गंभीर
रेस्टोरेंट में रोटी बनाने वाली ललीता नगर निवासी 38 वर्षीय कविता तिवारी, 5 वर्षीय बेटा आयुष और सहकर्मी 33 वर्षीय कुंदन पटेल अंदर फंसे थे। रेस्टोरेंट में धुएं के कारण कोई अंदर नहीं जा पा रहा था। आग इतनी विकराल थी कि उसकी तपिश से बगल के रेस्टोरेंट का बिजली का मीटर और वायङ्क्षरग जल गई। पुलिसकर्मियों और फायरकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सब्बल से पीछे से चद्दर की दीवार तोड़कर तीनों को बाहर निकाला, इस बीच फायरकर्मी सामने से पानी की बौछारे कर रहे थे।
हमीदिया के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया
घायलों को रेस्टोरेंट से बाहर निकालते ही 108 एंबुलेंस को कॉल किया गया लेकिन एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची। तीनों की हालत गंभीर होती देख पुलिसकर्मी स्वयं थाने के वाहन से घायलों को जेपी अस्पताल लेकर रवाना हुए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हमीदिया के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। आयुष को छाती, मुंह, हाथ और जांघ झुलसने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि कविता के दोनों हाथ, पीठ और कुंदन के हाथ, मुंह और छाती आग से झुलस गए।
लापरवाही: रेस्टोरेंट में आग बुझाने के लिए संचालक रवि शर्मा द्वारा किसी प्रकार के इंतजाम नहीं किए गए थे। चार घरेलू और 6 कर्मशिल सिलेंडर जब्त किए गए हैं। 4 में से एक घरेलू सिलेंडर भरा हुआ था।
Published on:
4 Jun 2022, 1:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.