26 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एमपी में गणेश विसर्जन के दौरान हादसे में 10 डूबे, मचा हाहाकार, सीएम मोहन यादव ने जताया शोक

Ganesh Visarjan Tragedy : सीएम ने सहायता राशि देने की घोषणा की, भिण्ड की ग्वारी नदी में तीन हुए शिकार, रतलाम और खरगोन के साथ धार में बागेडी डैम में भी हुई घटना
2 min read
Google source verification
गणेश विसर्जन हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया शोक

गणेश विसर्जन हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया शोक- Demo Pic- (फोटो- patrika enhanced AI Grok)

Ganesh Visarjan Tragedy : एमपी में भगवान गणपति के विदाई के दौरान भक्तिभाव के बीच कई घरों के चिराग भी इस दुनिया को छोड़कर चले गए। प्रतिमा विसर्जन के दौरान जरा सी चूक में 10 युवाओं की जान चली गई। इन घटनाओं से परिवारों में कोहराम मच गया। परिवार के साथ-साथ मृतक युवाओं के यार-दोस्त भी दूर हो गए। धार में तीन बच्चों के डूबने की हृदयविदारक घटना हुई। इसपर सीएम मोहन यादव ने भी शोक जताया। शनिवार सुबह उन्होंने परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की बात कही।

भिण्ड के ऊमरी थाना क्षेत्र के कनावर गांव में शुक्रवार शाम गणेश विसर्जन के दौरान ग्वारी नदी में तीन लोग डूब गए। यह घटना शाम करीब चार बजे ग्वारी नदी के पुल के नीचे विसर्जन करते समय हुई। नदी में तेज बहाव के चलते दो किशोर और एक युवक पानी में बह गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिली। घटना के बाद एसडीओपी रवींद्र वास्कले और ऊमरी टीआइ बजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन बारिश की वजह से रेस्क्यू आधे घंटे ही चल पाया। जानकारी के अनुसार नदी में डूबने वालों में चरी कनावर निवासी 16 वर्षीय कृष्णा पुत्र नरसिंह, कोट निवासी 18 वर्षीय मदन पुत्र जयचंद्र और 17 वर्षीय अभिजीत पुत्र अर्जुन सिंह शामिल हैं।

सूरजमल जैन तालाब में युवक डूबा
रतलाम में गणेश विसर्जन के दौरान करमदी स्थित सूरजमल जैन तालाब में युवक की डूबने से मौत हो गई। उसके अन्य दोस्त भी साथ थे किंतु वे बाहर निकल गए। मृतक की पहचान महेश गरवाल के रूप में हुई है।

चोरल में डूबा किशोर, मौत

खरगोन में 14 वर्षीय ऋतिक पिता चतरू नहाने के लिए चोरल नदी में उतरा। देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

बागेड़ी डैम हादसे पर सीएम ने जताया शोक

धार के बदनावर क्षेत्र के बागेड़ी डैम में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान राहुल प्रजापत, निहाल भांभी और कान्हा उर्फ पवन राठौड़, निवासी सुभाष मार्ग भेरू उखलिया के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 16 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है। सरस्वती कॉलोनी के मंदिर में स्थापित गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पांच युवक पानी में उतरे। इनमें से दो कुछ दूरी से वापस लौट आए, लेकिन राहुल, निहाल और कान्हा गहरे पानी की ओर चले गए और डूब गए।

दुर्घटना पर सीएम मोहन यादव ने भी शोक जताया। उन्होंने मृतक के परिवारजनों को 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।

खंडवा : दो सगे बेटे डूबे, तलाश जारी

खंडवा के ग्राम नहाल्दा में एक अवैध खदान के पानी में गणेश विसर्जन के दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मोंटू ठाकुर के दो सगे बेटे डूब गए। वहां मौजूद लोगों ने तीन साथियों को तो बचा लिया, लेकिन दोनों भाइयों का रात तक पता नहीं चल सका। देर रात तक लक्ष्य (17) और विश्वास (18) की तलाश जारी थी।