
भोपाल पुलिस की सतर्कता से पकडाए दो कुख्यात गुंडे (फोटो patrika enhanced AI Grok )
Bhopal Police : भोपाल पुलिस ने गजब की सतर्कता दिखाते हुए दो बदमाशों को गिरफ़्तार किया। इनमें से एक कुख्यात गुंडा है जोकि पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। वह लंबे अर्से से फरार था पर बेटे की करतूत के कारण आखिरकार जेल पहुंच गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी अनस को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है। वह अपने नाबालिग बेटे की जमानत के लिए कोर्ट पहुंचा था जहां पुलिस तैयार बैठी थी। इधर टीटी नगर पुलिस ने भी सतर्कता दिखाते हुए पिस्टल लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र में राजा नामक युवक के साथ मारपीट की गंभीर वारदात हुई थी। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। बताया जा रहा है कि इस मामले में अनस, उसकी पत्नी और दोनों बेटों पर आरोप हैं। अनस की पत्नी को अग्रिम जमानत मिल चुकी है जबकि वह फरार हो गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 16 अगस्त को वारदात हुई थी। पूरे इलाके में दहशत पसरी थी। आरोपी अनस को गिरफ़्तार करने के लिए पुलिस जुटी हुई थी पर वह लगातार चकमा देने में कामयाब हो रहा था। अंतत: आरोपी अनस को कोर्ट से गिरफ़्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, वह अपने नाबालिग बेटे की जमानत कराने कोर्ट आया था।
भोपाल की टीटी नगर पुलिस ने भी अतिरिक्त सतर्कता दिखाते हुए वारदात टालने में कामयाबी पाई। पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ़्तार कर लिया। उसके कब्जे से देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सरफराज अनवर (27) निवासी पीर साहब मस्जिद के पास, पीर गेट, थाना कोतवाली बताया।
पुलिस के मुताबिक तलाशी लेने पर सरफराज की कमर के पीछे लोहे की बनी देशी पिस्टल और पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस मिला। वह कोई वारदात को अंजाम देने की टोह में था। आरोपी सरफराज को न्यायालय में पेश किया गया, जहां मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
Updated on:
26 Sept 2026 08:01 am
Published on:
26 Sept 2026 07:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
