
मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बीच सीएम शिवराज की जनता से खास अपील, हर एक को माननी चाहिए ये बात
भोपाल. मध्य प्रदेश बीते दो दिनों से लगातार जारी भारी बारिश के चलते हालात नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश वासियों से खास अपील की है। सीएम ने कहा है कि, भारी बारिश वाले इलाकों के लोग प्रशासन के सभी दिशा निर्देशों का पालन करें।
इस संबंध में मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'मध्य प्रदेश में दो दिनों से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। भोपाल, गुना, रायसेन, सागर, जबलपुर सहित अनेक जिलों में अविराम वर्षा हो रही है। प्रदेश के समस्त जिला प्रशासन को अतिवृष्टि में अलर्ट रहने के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रदेश में अतिवृष्टि के दौरान स्थिति नियंत्रण में है।' उन्होंने ये भी कहा कि, प्रदेश की जनता से अपील है कि, अतिवृष्टि के दौरान सतर्क रहें, ऐसे स्थानों पर ना जाएं, जहां जलभराव की स्थिति बनती है। नदी, तालाब, डैम इत्यादि स्थानों पर भी जाने से बचें। प्रशासन ने जो निर्देश जिलों में जारी किए हैं, उन्हें मानें और प्रशासन का सहयोग करें।'
कई पुलों के ऊपर से बह रहा पानी
आपको बता दें कि, समूचे राज्य में दो दिन से लगातार बारिश का कहर जारी है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण लगभग सभी बांधों के गेट खोले जा चुके हैं। कई स्थानों से नदियों का पानी पुलों पर आ जाने से रास्ते बंद कर दिए हैं। साथ ही, निचले इलाकों में जल भराव के हालात हैं।
भोपाल में हालात बेकाबू
राजधानी भोपाल में रविवार की सुबह से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। साथ ही, रविवार शाम से यहां तेज आंधी के साथ लगातार तेज बारिश जारी है, जिसके चलते भोपाल के बड़े तालाब पर करीब 20 फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं। यही नहीं यहां बोट क्लब पर खड़ा क्रूज लगभग तालाब में डूब चुका है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रशासन लगातार स्थान स्थान पर राहत कार्यों में जुटाने में जुटा हुआ है। राजधानी भोपाल के बड़े हिस्से में बिजली गुल है, जिसके चलते शहर लगभग पूरी तरह से ठप्प है। जगह जगह जल भराव के कारण यहां हालात बेहद खराब हो चुके हैं।
Updated on:
22 Aug 2022, 12:24 PM IST
Published on:
22 Aug 2022, 12:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.