27 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

निगम-मंडल में 50 फीसदी युवा, 25 फीसदी महिला और 10 फीसदी सीनियर सिटीजन को मिलेगी जगह

- कुर्सी के लिए कांग्रेस ने तय किया आरक्षण, जिले और राज्य में बनेगी कमेटी
2 min read
Google source verification

भोपाल

•

image

Arun Tiwari

•

Dec 04, 2019

निगम-मंडल में 50 फीसदी युवा, 25 फीसदी महिला और 10 फीसदी सीनियर सिटीजन को मिलेगी जगह

निगम-मंडल में 50 फीसदी युवा, 25 फीसदी महिला और 10 फीसदी सीनियर सिटीजन को मिलेगी जगह

भोपाल : निगम-मंडलों में नियुक्ति के लिए कांग्रेस ने आरक्षण तय कर दिया है। सरकारी संस्थाओं में 50 फीसदी युवाओं को, 25 फीसदी महिला और 10 फीसदी सीनियर सिटीजन को जगह दी जाएगी। कांग्रेस के पास बड़ी संख्या में इन संस्थाओं में पद पाने वालों के आवेदन आए हैं। इन आवेदनों के अलावा कांग्रेस ने अपनी सूची तैयार करनी भी शुरु कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक पीसीसी के साथ ही मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया के पास आए आवेदन और कांग्रेस की सूची के अनुसार करीब दस हजार ऐसे लोग हैं जो निगम-मंडल में पद पाने के लिए दावेदारी कर रहे हैं। बावरिया खुद तय किए गए फॉर्मूले के हिसाब से आवेदनों की स्क्रूटनी कर रहे हैं। 15 साल बाद बनी कांग्रेस की सरकार में सभी पद पाने के इच्छुक हैं लेकिन कांगे्रस इस समस्या का हल तलाश रही है कि आखिर इन लोगों को कहां एजडस्ट किया जाए क्योंकि पद सीमित संख्या में ही हैं।

इस तरह होगा आरक्षण :

सरकार चाहती है कि युवाओं को ज्यादा मौका दिया जाए ताकि कांग्रेस में नेतृत्व करने के लिए नई पौध तैयार हो। इस तरह से आधे पद युवाओं को देने का फैसला किया गया है। ये वो युवा होंगे जिनकी उम्र चालीस साल तक की होगी। कांग्रेस पांच साल ज्यादा या कम उम्र लेकर भी चल रही है। ये वही युवा होंगे जिन्होंने 15 साल तक कांग्रेस के लिए काम किया हो। 25 फीसदी महिलाओं को भी जगह दी जाएगी ताकि उनको भी नेतृत्व का पर्याप्त मौका मिल सके। इसमें सबसे बड़ी बात ये है कि 10 फीसदी सीनियर सिटीजन को भी आरक्षण दिया गया है। इसमें वे लोग आएंगे जिन्होंने कांग्रेस के लिए अपना जीवन खपा दिया है लेकिन उनको अभी तक कोई पद नहीं मिल पाया है। इन पदों पर सभी समाज के लोग आ पाएं इस बात की भी कोशिश की जाएगी।

जिला और प्रदेश स्तर पर बनेंगी कमेटी :

निगम-मंडलों में नियुक्ति के लिए सरकार जिला और प्रदेश स्तर पर कमेटी बना रही है। हर जिले में एक कमेटी होगी जो नियुक्ति के लिए नामों की सिफारिश करेगी वहीं राज्य स्तर पर एक ही कमेटी बनाई जाएगी जिसमें सरकार और संगठन के लोग शामिल होंगे। जिले की कमेटी ब्लॉक स्तर से नाम बुलवाएगी और उनकी स्क्रूटनी कर राज्य कमेटी को भेजेगी। राज्य कमेटी भी उनकी स्क्रूटनी कर सूची तैयार करेगी। इस सूची पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया करेंगे।


- हम निगम-मंडलों में युवाओं को 50 फीसदी,महिलाओं को 25 फीसदी और सीनियर सिटीजन को 10 फीसदी जगह देंगे। नाम नीचे से बुलवाए जा रहे हैं इसलिए जिला स्तर की कमेटी बनाई जा रही है। बड़ी संख्या में कांग्रेस में दावेदार हैं जिनका चयन इन पदों के लिए किया जाना है। - दीपक बावरिया प्रदेश प्रभारी,कांग्रेस