भोपाल। मध्यप्रदेश में पद्मावत के लिए कोई वितरक अभी सामने नहीं आया है। भोपाल सिनेमागृह संघ के सचिव अजीजउद्दीन के मुताबिक संजय मरुधर अधिकांश फिल्मों के वितरक रहे हैं, लेकिन उन्होंने इस फिल्म का वितरण अपने हाथ में नहीं लिया। उधर, मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों में भी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन कुछ में फिल्म गुरुवार सुबह 9 बजे से दिखाई जा सकती है। हर जिले में रहेगी कड़ी सुरक्षा आईजी (इंटेलीजेंस) मकरंद देउस्कर ने बताया कि फिल्म रिलीज को देखते हुए हर जिले में कड़ी सुरक्षा रहेगी। सभी जिलों के एसपी को सिनेमाघरों की पुख्ता सुरक्षा करने निर्देश दिए गए हैं। उधर, जबलपुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से कहा कि सरकार पद्मावत फिल्म पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अध्ययन करेगी। इसके बाद ही आगे निर्णय लेगी।