
गिरफ्तारी के डर से सोरठिया वेलजी के 10 के अधिकारियों ने ली ट्रांजिट बेल, एंटारस वाले फरार
राधेश्याम दांगी. भोपाल. ई-टेंडर घोटाले में ईओडब्ल्यू ने आरोपी कंपनियों के पदाधिकारियों से पूछताछ शुरू की तो गिरफ्तारी के डर से बड़ौदा की सोरठिया वेलजी कंपनी के 10 अधिकारियों ने एक साथ एक महीने की ट्रांजिट बेल ले ली। वहीं 19 अप्रेल से जारी एंटारस सिस्टम्स प्रालि. कंपनी के चार पदाधिकारियों से पूछताछ के बीच वाइस प्रेसिडेंट मनोहर एमएन को जेल भेजने के बाद बाकी के तीन लोग शनिवार को भूमिगत हो गए। मनोहर को जेल और कंपनी में उसकी बेटी भी पदाधिकारी होने के कारण ईओडब्ल्यू ने उन्हें भी नोटिस दिया। इसके बाद से बैंगलुरू स्थित एंटारस सिस्टम्स प्रालि. कंपनी के कई पदाधिकारियों ने ऑफिस से दूरी बना ली।
इधर, माधव इंफ्रा प्रोजेक्ट लि कंपनी के अमित खुराना भी बयान देने नहीं पहुंचे। आरोपी कंपनी सोरठिया वेलजी के 10 पदाधिकारियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात हाईकोर्ट से 30 दिन की ट्रांजिट बेल ले ली। पदाधिकारियों पर जो धाराएं हैं, उनमें अधिकतम 15 दिन की ही ट्रांजिट बेल मिलती है, लेकिन ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने नोटिस देकर बयान के लिए बुलाया तो उन्होंने 30 दिन की बेल ले ली। माना जा रहा है कि हाईकोर्ट से जिन्होंने ट्रांजिट बेल ली, वह सभी आरोपी हैं। अब ईओडब्ल्यू सभी 10 को नामजद आरोपी बना सकती है। ईओडब्ल्यू के डीजी केएन तिवारी का कहना है कि जांच की जा रही है, सभी पक्षों को सुना जा रहा है, प्रकरण विवेचना में है।
कोई कोर्ट पहुंचा तो कोई भूमिगत
सोरठिया वेलजी कंपनी - मेघजी वेलजी सोरठिया, अशोक वेलजी बांभानिया, दिवालीबेन धरमशी सोरठिया, महेश वेलजी सोरठिया, हरेश मेघजी सोरठिया, परेश मेघजी सोरठिया, मनोज काबाभाई वास्वा, राजू लक्ष्मणदास गेहनी, चंद्रेश धरमशी सोरठिया, भारत वेलजी सोरठिया ने ईओडब्ल्यू को बयान देने से पहले ही कोर्ट से जमानत ले ली।
एंटारस सिस्टम्स प्रालि- वाइस प्रेसिडेंट मनोहर एमएन से 14 दिन पूछताछ की गई। दो मई को मनोहर को गिरफ्तार कर तीन को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 17 मई तक के लिए जेल भेज दिया। मनोहर के साथ सीईओ सुरेश के. और दो अन्य को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। शनिवार को यह ब्यूरो से गायब रहे।
मेसर्स माधव इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड-ईओडब्ल्यू ने एमडी अमित खुराना को नोटिस देकर बयान के लिए बुलाया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह ईओडब्ल्यू के उच्च अधिकारियों से मिला था, इसके बाद से ही वह गायब है।
Published on:
05 May 2019 06:03 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
