
भोपाल। कटारा हिल्स इलाके में पालतू कुत्ते के काटने पर मालिक ने इलाज के लिए ७५० रुपए नहीं दिए तो एनिमेशन का छात्र तीसरी मंजिल से कूद गया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस छात्र के बयान लेकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, सिल्वर स्टेट कॉलोनी कटारा हिल्स निवासी 22 वर्षीय हिमांशु शर्मा उर्फ हनी एरिना कालेज से एनिमेशन का कोर्स कर रहा है। उसी बिल्डिंग में नीचे विकास नंदी रहते हैं। उनका ब्रेड का कारोबार है। उनके घर में पालतू कुत्ते हैं। शनिवार रात हिमांशु बाजार से घर लौटा।
वह बिल्डिंग में ऊपर जाने लगा। इसी दौरान फस्र्ट फ्लोर के बाहर विकास नंदी का कुत्ता था। कुत्ते ने हिमांशु के हाथ में काट लिया। जिससे उसे खून निकलने लगा। वह अपने दोस्त को साथ लेकर इंजेक्शन लगवाने गया। इसमें करीब साढ़े सात सौ रुपए का बिल बना। इंजेक्शन लगवाने के बाद हिमांशु सीधे विकास नंदी के पास पहुंचा। उसने कहा कि तुम्हारे कुत्ते के काटने के कारण मुझे इंजेक्शन लगा है। इलाज में साढ़े सात सौ रुपए भी लग गए। हिमांशु उक्त राशि की मांग विकास नंदी से करने लगा। विकास ने कहा कि मैंने कुत्ते को सभी इंजेक्शन लगवाए हैं। उसके काटने से कुछ नहीं होगा। लेकिन हिमांशु नहीं माना। वह राशि की मांग करने लगा। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इससे गुस्से में नाराज होकर हिमांशु कुछ दूरी पर रहने वाले अपने दोस्तों के पास चला गया। हिमांशु के नाना शंकर शर्मा वंध्याचल भवन में खाद्य विभाग से अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए है।
रात डेढ़ बजे तीसरी मंजिल से लगा ली छलांग
हिमांशु के दोस्त अजय सिंह सूर्यवंशी ने बताया कि रात करीब एक से डेढ़ बजे के करीब मेरे विवेकानंद परिसर बीडीए कॉलोनी में तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट पर आया था। उस समय मेरे साथ रूम पार्टनर समेत अन्य दोस्त थे। हिमांशु ने कहा कि उसे कुत्ते ने काट लिया है। इलाज में उसके साढ़े सात सौ रुपए खर्च हुए है। विकास नंदी उसका खर्च देने को तैयार नहीं है। तुम लोग मेरे साथ चलो, उसे सबक सिखाते हैं। अजय ने कहा कि पहले पुलिस को सूचना दे दो। दोस्तों ने डायल-100 को फोन कर सूचना दे दी। इस दौरान हिमांशु का गुस्सा ज्यादा बढ़ गया। वह इधर-उधर सामान फेंकने लगा। हम लोगों ने रोका और कहा कि पुलिस आने ही वाली है। वह गुस्से में बालकनी में गया और नीचे छलांग लगा दी। उसके गिरने के बाद हम लोग उसे सीधे नर्मदा अस्पताल लेकर पहुंचे।
हिमांशु की हालत गंभीर
हिमांशु मूलत: नीमच का रहने वाला है। उसके पिता दिनेश शर्मा नीमच में एक फैक्ट्री में मैनेजर और मां जमुना देवी आंगनवाड़ी में शिक्षिका हैं। वह अपने पिता का इकलौता बेटा है। उसकी एक छोटी बहन काजल है। जो नीमच में साथ रहती है। वह शुरूआत से उनके परिवार के साथ रहता है। अभी हिमांशु की हालत काफी नाजुक है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
इनका कहना...
हिमांशु मकान मालिक विकास नंदी से इलाज में लगे साढ़े सात सौ रुपए की मांग रहा था। विकास ने पैसा देने से इंकार कर दिया था। इसके थोड़ी देर बाद वह तीसरी मंजिल से कूद गया। छात्र के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-एलडी मिश्रा, टीआई
Published on:
19 Feb 2018 08:54 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
