
janmashtami : 23 और 24 को शुभ योग विद्यमान, बन रहा अमृत सिद्धि योग
भोपाल. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 23 और 24 अगस्त को मनाई जाएगी। इस मौके पर शहर में जगह-जगह आयोजन होंगे। मंदिरों में मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। शहर में अनेक स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कान्हा के स्वागत की तैयारियों से शहर में इन दिनों उत्सवी माहौल नजर आ रहा है। जन्माष्टमी के चलते शहर कृष्णमय नजर आने लगा है।
23 और 24 को रहेगा शुभ योग
इस बार जन्माष्टमी 23 और 24 अगस्त को आ रही है। पं. जगदीश शर्मा ने बताया कि दोनों ही तिथि शुभ योग विद्यमान रहेंगे। तिथि और नक्षत्र के आगे पीछे होने के कारण इस बार जन्माष्टमी का पर्व दो दिन रहेगा। 23 अगस्त को श्रीवत्स योग विद्यमान रहेगा। इसी प्रकार 24 अगस्त को श्रीवत्स योग और अमृत सिद्धि योग का संयोग रहेगा।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ दिन हर क्षेत्र में विजयश्री मिलती है, साथ ही अनेक मनोकामनाओं की पूर्ति भी होने लगती है। मान्यताओं के अनुसार इस दिन 'ॐ नमो भगवते श्रीगोविन्दाय' का जाप करने पर अधिक लाभ मिलता है।
मंदिरों में विद्युत साज सज्जा
मंदिरों में आकर्षक विद्युत साज सज्जा की गई है। घरों में भी कान्हा के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही है। इस बार शहर के कुछ मंदिरों में 23 तो कुछ में 24 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। मध्यरात्रि में 12 बजे शहर के मंदिर नंद घर आनंद भयों के जयकारों से गूंज उठेगे। इसके बाद पंजीरी के प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
बाजारों में खरीदारी
जन्माष्टमी के लिए बाजारों में भी खरीदारी का दौर जोर शोर से चल रहा है। पूजन सामग्री की दुकानों पर भगवान की पोशाक, झूले, मोर मुकुट, आभूषण आदि खरीदने के लिए भारी भीड़ लग रही है। इस बार कई वैरायटियों के झूले, सिंहासन, पोशाक बाजार में है।
अहीर यादव समाज निकालेगा शोभायात्रा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर 23 अगस्त को अहीर यादव समाज द्वारा राधा-कृष्ण मंदिर बरखेड़ी से आकर्षक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार भगवान श्रीकृष्ण के लिए जगन्नाथ यात्रा की तर्ज पर रथ तैयार किया जा रहा है, इसे श्रद्धालु अपने हाथों से खीचते हुए चलेंगे। शोभायात्रा में घोड़े, ऊंट, बग्गियां, सागर की मंडलियां, और अनेक झांकियां शामिल रहेगी। अध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि शोभायात्रा बरखेड़ी, एक्ट्राल कॉलेज, जहांगीराबाद सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद आकर्षक शृंगार किया जाएगा।
Published on:
22 Aug 2019, 12:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.