भोपाल. सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस रंजन गोगोई ने कहा कि संविधान के तहत नागरिकों के समानता और स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा करने में सुप्रीम कोर्ट ने अहम भूमिका निभाई है। ऐसे कानूनों में संशोधन कराया, जिनका उपयोग आम नागरिकों की स्वतंत्रता को कम करने में हो सकता था। उन्होंने श्रेया सिंघल, पुथुस्वामी और घोष के मामलों का हवाला देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने कठोर कानून और दखल के नियमों के संदर्भ में स्वतंत्रता के द्वारपाल की भूमिका निभाई।
जस्टिस गोगोई रविवार को यहां नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआइयू) के ऑडियोरियम में संवैधानिक उपदेश विषय पर आयोजित जस्टिस जीपी सिंह थर्ड मेमोरियल व्याख्यान में संबोधित कर रहे थे। जस्टिस गोगोई ने कहा कि उनकी पीढ़ी ने संविधान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी है। ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि भारत में कड़ी मेहनत से मिली स्वतंत्रता को जाया नहीं होने दिया जाए। गोगोई ने जस्टिस एचआर खन्ना, जस्टिस जेएस वर्मा, जस्टिस पीजी सिंह और जस्टिस एपी सेन को याद किया और कहा कि इन्होंने ईमानदारी और साहस के साथ संविधान के मौलिक अधिकारों को समानता के साथ लागू कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। स्वतंत्रता के साथ न्याय किया।