वैसे तो इस टनल के निर्माण का लाभ देशवासियों को मिलेगा, लेकिन सबसे ज्यागा लाभ विंध्यवासियों को होगा। विध्य के लोग काफी लंबे समय से इन टनल के शुरु होने का इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि, मोहनिया टनल मध्य प्रदेश की सबसे लंबी सिक्स लेन रोड की पहाड़ी सुरंग है। इस टनल के शुरू होने के बाद रीवा से सीधी की दूरी करीब सात किमी कम हो जाएगी। वहीं, वाहनों को मोहनिया घाटी के घुमावदार मोड़ और चढ़ाई से रिस्क लेते हुए गुजरने से राहत मिलेगी। अभी लोगों को घाटी पार करने में करीब 30 से 35 मिनिट का समय लग जाता है, जिसे टनल के माध्यम से महज पांच से सात मिनट के भीतर पार कर लिया जाएगा। सीधी से रीवा की दूरी फिलहाल 82 किलोमीटर है, लेकिन टनल के रास्ते ये दूरी महज 75 किलोमीटर ही रह जाती है।