
भोपाल। मध्यप्रदेश में शुरू हुए पटवारी एक्जाम के पहले दिन की पहली शिफ्ट ही अनियमिताओं की बलि चढ़ गई। सर्वर कनेक्ट नहीं होने से जहां एक ओर अभ्यर्थी परेशान होते रहे,वहीं परीक्षा कराने वाली पीईबी के अधिकारी भी काफी देर तक तो कुछ बोलने की स्थिति में नहीं दिखे। वहीं व्यापमं की ओर से कहा गया है कि अन्य पालियां पूर्व की भांति ही चलेंगी। यानि शनिवार की दूसरी पाली व उसके बाद के दिनों में परीक्षाएं पूर्व में दिए गए समय के अनुसार ही चलेंगी।
इसके बाद 9 बजे से शुरू होने वाली पहली शिफ्ट को 12 बजे तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया ताकि रजिस्ट्रेशन हो सकें, लेकिन ये कोशिश भी बेकार ही साबित हुई। और केवल 8000 उम्मीदवारों के ही रजिस्ट्रेशन हो सके।
MUST READ: सेना में बंपर भर्ती: यहां होने जा रही है भर्ती 10वीं-12वीं पास युवक तुरंत करें अप्लाई
वहीं इसके बाद पटवारी परीक्षा की पहली शिफ्ट की परीक्षा को स्थगित कर दिया गया। जिससे पूरे प्रदेश के करीब 26000 उम्मीदवार प्रभावित हुए। परीक्षा को स्थगित करने के बावजूद अभी आगे की डेट घोषित नहीं की गई।
इससे पहले काफी देर तक उपापोह की स्थिति बनी रही। वहीं उम्मीदवारों ने कई जगह पीईबी की इस व्यवस्था पर प्रश्न उठाते हुए हंगामा भी किया।
इसके बाद प्रोफेशनल एक्समिनेशन बोर्ड के एग्जाम कंट्रोलर एसकेएस भदौरिया ने बयान जारी करते हुए कहा कि पटवारी की पहली परीक्षा में करीब 8000 आवेदक(जिनके रजिस्ट्रेशन हो गए) ही शामिल हो पाए। बाकी की परीक्षा नहीं हो पाई, अब इन आवेदकों की परीक्षा री-शेड्यूल होगी। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश के 86 सेंटर्स में 26 हजार आवेदकों को परीक्षा में शामिल होना था जिनमें से केवल 8 हजार ही शामिल हो सके। अत: अब करीब 18 हजार दोबारा एग्जाम का होगा।
दूसरी पाली का भी समय बढाया...
पटवारी परीक्षा के पहले दिन की दूसरी पाली की परीक्षा जिसका समय 3 बजे से 5 बजे का है उसे बढ़ाकर 4 बजे से 6 बजे कर दिया गया है। वहीं कुछ सेंटर्स पर 5 बजे से 7 बजे तक का भी समय बढाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि एग्जाम कराने वाली कंपनी TCS को ब्लैकलिस्टेड किया जा सकता है। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा 3 से 5 बजे नियमित होगी और कल से भी तय समय से परीक्षा होगी। वहीं सूत्रों के अनुसार स्थगित हुई परीक्षा की नई परीक्षा 29 दिसम्बर से 31 दिसंबर के बीच या बहुत हुआ तो जनवरी के पहले सप्ताह में हो सकती है। वैसे सूत्रों के अनुसार यह तिथि 29 या 30 दिसंबर ही होगी।
ये बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री दीपक जोशी...
वहीं पटवारी परीक्षा में सामने आ रही दिक्कतों पर तकनीकी शिक्षा मंत्री दीपक जोशी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि आधार लिंक में भी समस्या आ रही है। तकनीकी समस्याएं किसी के बस में नहीं, अब टीसीएस कंपनी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। हमने देश की नंबर 1 कंपनी को परीक्षा का काम दिया था, लेकिन कंपनी की ओर से चूक हुई। ऐसे में अब नियमों के अंतर्गत कंपनी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द विभाग खुद की तकनीकी व्यवस्था डेवलप करेगा।
सर्वर की आई प्रॉब्लम
पीईबी के परीक्षा कंट्रोलर एकेएस भदौरिया का कहना है कि सुबह बच्चे समय पर आ गए थे, लेकिन सर्वर की प्रॉब्लम के बाद समय 11 बजे तक बढ़ा दिया वेरिफिकेशन के लिए। फिर इसे 12 बजे तक कर दिया लेकिन समस्या नहीं सुलझी।
Published on:
9 Dec 2017, 3:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.