
नीति आयोग की बैठक (सोर्स: सीएम मोहन यादव एक्स)
MP News: विकसित भारत के लिए मध्यप्रदेश दो ट्रिलियन डॉलर का योगदान देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को दिल्ली में हुई नीति आयोग की बैठक(NITI Aayog meeting) में यह भरोसा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से दिया गया। राज्य की ओर से 2047 तक लक्ष्य हासिल करने का रोडमैप भी रखा गया। सीएम ने बताया कि विकसित भारत और समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने के उद्देश्य से युवा, किसान, गरीब और महिला कल्याण से संबंधित विभागवार लक्ष्य और समयबद्ध योजना बनाई है।
बैठक में सुखद और स्वस्थ वातावरण में रोडमैप, शिक्षा, चिकित्सा इत्यादि सेक्टरों की योजनाओं तथा नवाचारों का प्रस्तुतिकरण मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दिया। सीएम डॉ. यादव ने कहा, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए प्रधानमंत्री का आभार माना।
सीएम ने कहा, मध्यप्रदेश टीम इंडिया की भावना के साथ काम कर रहा है। आगे भी करेगा। नवाचार से जुड़े अनुभवों को साझा करेगा। दूसरे राज्यों से सीखेगा। ऐसा कर हम नए कीर्तिमान गढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को दिल्ली में रात्रि विश्राम किया। सूत्रों के मुताबिक नीति आयोग की बैठक के बाद उन्होंने राज्य के कई विषयों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की। साथ ही राज्य में चल रहे जनकल्याण के कामों की जानकारी भी साझा की। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर 31 मई को होने वाले महिला सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दे सकते हैं।
Updated on:
25 May 2025 09:55 am
Published on:
25 May 2025 09:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
