राजधानी को माता मंदिर से सीधे जवाहर चौक होते हुए बाणगंगा को पार कर हिंदीभवन की ओर जाने के लिए नया रास्ता मिलेगा। नगर निगम इस सात किमी लंबे रास्ते को बनाने 30 करोड़ रुपए खर्च करने की तैयारी में है। इसके बनने से कोलार, अरेरा कॉलोनी, नेहरू नगर समेत करीब 40 क्षेत्रों का रास्ता ही बदल जाएगा। इसकी डिजाइन इसे शहर की अब तक की सबसे बेहतर सड़क बता रही है। लिंक रोड की तरह ही चौड़ा और सुंदर होने के साथ ही किनारों पर डक्ट और साइकिल ट्रैक समेत ग्रीनरी के लिए स्थान रहेगा। यह आठ लेन की होगी। जिधर से यह नई सड़क बनाने की रूपरेखा तैयार की गई है, उधर फिलहाल संकरी गलियां हैं। गलियों के किनारे सरकारी मकान हैं और इस पर टीटीनगर से लेकर जवाहर चौक तक का हाट बाजार लगता है। संबंधित अफसरों का दावा है कि इस साल मध्य तक इसका निर्माण शुरू हो सकता है और अगले 18 माह में काम पूरा कर दिया जाएगा। रास्ते में बाणगंगा नाले पर एक ब्रिज भी बनेगा, जो करीब 200 मीटर लंबा होगा।