
पश्चिम बंगाल हिंसा: देशभर में ममता सरकार के खिलाफ माहौल बनाएगी भाजपा, बैठक में हुआ बड़ा फैसला
भोपाल/ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के एक बार फिर राज्य की सत्ता संभालने के बाद शुरु हुई हिंसा के मामले पर भारतीय जनता पार्टी देशव्यापी माहौल बनाने की तैयारी में जुट गई है। ममता बनर्जी के सत्ता में आने के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं, ऐसे में राष्ट्रीय पार्टी के साथ साथ अब मध्य प्रदेश भाजपा कार्यकर्ता भी बंगाल के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे।
भाजपा कार्यालय में हुई अहम बैठक
इसे लेकर मध्य प्रदेश भाजपा ने भी खास तैयारी कर ली है। पार्टी बंगाल संवाद के जरिए प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के सहारे पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और उन्हें सहारा देने की योजना बना रही है। इस संबंध में चर्चा के लिये भोपाल स्थित बीजेपी ऑफिस में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिव प्रकाश, सीएम शिवराज, मंत्री नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग गोपाल भार्गव समेत पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस तरह बनेगी नीति
बैठक में चर्चा के दौरान सुनिश्चित किया गया कि, अब से मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं को भी पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसाओं के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मध्य प्रदेश से कार्यकर्ता को पश्चिम बंगाल भेजकर वहां के भाजपाइयों को सहारा देने का भी काम किया जाएगा। इसके साथ ही, देशभर में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ माहौल बनाया जाएगा। पार्टी ने तय किया है कि, 15 जून तक कोरोना के कारण लॉकडाउन है। लॉकडाउन खत्म होते ही भाजपा एक्टिव मोड में आने की तैयारी कर रही है।
पढ़ें ये खास खबर- कोरोना की तीसरी लहर से इस तरह लड़ेंगे CM शिवराज, बनाया एक्शन प्लान
अब तक 35 भाजपा कार्यकर्ता गवा चुके जान- गौर
बैठक में शामिल हुईं भाजपा नेता और विधायक कृष्णा गौर ने चर्चा के दौरान बयाया कि, पश्चिम बंगाल हिंसा में अब तक भारतीय जनता पार्टी के 35 कार्यकर्ताओं की मौत हो चुकी है। ममता बनर्जी के शासन में भाजपाइयों को डराया और धमकाया जा रहा है। ऐसे में उनका मनोबल बढाने के लिये देशभर के भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ खड़े होंगे। मध्य प्रदेश से बीजेपी के पश्चिम बंगाल के बीजेपी कार्यकर्ताओं की हर संभव मदद की जाएगी। फिर भले ही सोशल मीडिया के जरिए हो या वहां जाकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का काम करना हो।
कोरोना वैक्सीन से जुड़े हर सवाल का जवाब - जानें इस वीडियो में
Published on:
02 Jun 2021 01:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
