9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल जीडी के 7500 पदों पर भर्ती, 8वीं पास करें आवेदन, जानें सैलरी

MP Police Bharti : एमपीईएसबी और मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कांस्टेबल जीडी के 7500 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस संबंध में भर्ती नोटिस जारी किया गया है।
3 min read
Google source verification
MP Police Bharti

परेड करती महिला पुलिस आरक्षक (फोटो सोर्स: Patrika)

MP Police Constable GD Recruitment 2026 :मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) और मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कांस्टेबल जीडी के पदों पर बंपर भर्ती निकाली गई है। बता दें कि, कुल आरक्षक के 7500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 6 अक्तूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन में सुधार 22 सितंबर से 11 अक्तूबर 2026 के बीच किया जा सकेगा। भर्ती परीक्षा 19 नवंबर 2026 से शुरू की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मापदंड और रोजगार पंजीयन से जुड़ी शर्तें जान लें।

7500 रिक्तियों में कौन-कौन से पद शामिल हैं?

विभागों की ओर से निकाली गई नियुक्तिों में कुल 7,500 पदों को दो अलग-अलग संवर्गों में बांटा गया है। इसमें कांस्टेबल जीडी - विशेष सशस्त्र बल के 700 पुरुष शामिल होंगे, जबकि कांस्टेबल जीडी-गैर विशेष सशस्त्र बल/जिला बल के लिए 6,800 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए पुरुष और महिला दोनों ही आवेदन कर सकते हैं। यानी विशेष सशस्त्र बल के पदों के लिए सिर्फ पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे, जबकि अन्य कांस्टेबल जीडी पदों के लिए पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार पात्र होंगे।

कौन कर सकता है आवेदन?

सामान्य, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है। जबकि, अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार 8वीं पास होने पर भी आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों के लिए मध्य प्रदेश राज्य रोजगार कार्यालय में जीवित यानी सक्रिय पंजीयन होना जरूरी है। वहीं, एमपी के बाहर के उम्मीदवारों को सामान्य वर्ग का उम्मीदवार ही माना जाएगा, भले ही वे अपने राज्य में किसी आरक्षित वर्ग से संबंधित हों। ऐसे उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित है।

आयु सीमा कितनी है?

आयु की गणना 6 अक्तूबर 2026 के आधार पर होगी। मध्य प्रदेश के मूल निवासियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में अधिकतम आयु सीमा निर्धारित की गई है। इसमें
पुरुष सामान्य/ईडब्ल्यूएस के आवेदक की अधिकतम आयु 33 वर्ष रहेगी। जबकि, पुरुष एससी/एसटी/ओबीसी, सरकारी कर्मचारी और होमगार्ड की अधिकतम आयु 38 वर्ष रहेगी। वहीं, सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थी की आयु 38 वर्ष रहेगी। जबकि विशेष श्रेणियों में नियमों के अनुसार अतिरिक्त छूट के बाद अधिकतम आयु 43 वर्ष रहेगी।

चयन प्रक्रिया में क्या होगा?

भर्ती में दो मुख्य चरण होंगे इसमें पहला चरण लिखित परीक्षा पर आधारित होगा, जबकि दूसरा चरण शारीरिक दक्षता परीक्षा पर आधारित होगा। अंतिम मेरिट में लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंक शामिल होंगे।

लिखित परीक्षा का पैटर्न क्या रहेगा?

लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी। प्रश्नपत्र का स्तर 8वीं कक्षा के आसपास होगा। इसमें निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। एनसीसी 'सी' प्रमाणपत्र धारकों को लिखित परीक्षा में 5 प्रतिशत बोनस अंक दिए जाएंगे। परीक्षा पैटर्न इस प्रकार होगा, जैसे- सामान्य ज्ञान एवं तार्किक ज्ञान में 40, बौद्धिक क्षमता एवं मानसिक अभिरुचि में 30 विज्ञान एवं सरल अंकगणित में 30 अंक यानी कुल 100 रहेंगे।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी

पहली पाली में रिपोर्टिंग का समय सुबह 8 बजे से 9 बजे तक और परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
दूसरी पाली में रिपोर्टिंग दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक और परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
देर से पहुंचने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

अलग-अलग पालियों के अंक कैसे बराबर होंगे?

परीक्षा कई पालियों में होने के कारण अंकों में अंतर को दूर करने के लिए सामान्यीकृत समतुल्य-प्रतिशतक यानी नॉर्मलाइज्ड इक्वी-पर्सेंटाइल (एनईपी) पद्धति का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग पालियों में परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के अंकों को तुलनीय बनाना है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा में क्या होगा?

लिखित परीक्षा के आधार पर पदों की संख्या से लगभग सात गुना उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। यह चरण 100 अंकों का होगा। इसमें 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। उम्मीदवार को इस चरण में कम से कम 30 प्रतिशत यानी 30 अंक हासिल करना जरूरी होगा। होमगार्ड उम्मीदवारों के लिए सेवा अवधि के आधार पर 5, 10 या 15 अतिरिक्त अंक का प्रावधान है।

वेतन कितना मिलेगा?

पुलिस कांस्टेबल पद के लिए वेतनमान 19,500 रुपये से 62,000 रुपये है।
तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि, यानी प्रोबेशन पीरियड रहेगा।
प्रोबेशन के दौरान न्यूनतम वेतन के आधार पर क्रमशः 70, 80 और 90 प्रतिशत के हिसाब से राशि दी जाएगी।

नियुक्त कर्मचारियों को लागू नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। भर्ती के तहत परिभाषित अंशदायी पेंशन योजना लागू होगी।

आवेदन शुल्क कितना है?

अभ्यर्थी वर्ग-----मंडल शुल्क-----विभागीय शुल्क----कुल शुल्क
सामान्य---------500 रुपए------200 रुपए--------700 रुपए
एससी/एसटी/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस, मध्य प्रदेश निवासी-----250 रुपए-----100 रुपए------350 रुपए

इसके अलावा पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने पर 20 रुपये और कियोस्क से आवेदन करने पर 60 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लागू होगा।