भोपाल. मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम सहित प्रदेशभर में लगातार 2 दिनों से बारिश हो रही है। लगातार और तेज बरसात की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है वहीं कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी भोपाल में दो दिन में 2 इंच बारिश हो चुकी है। विदिशा में नटेरन तहसील में नहर फूटने से सेऊ गांव पानी से घिर गया। रतलाम अंचल में बारिश लगातार जारी है। जिलेभर के साथ ही जिला मुख्यालय पर भी जोरदार बरसात हो रही है। रतलाम में जारी लगातार बारिश के दौरान कई दिक्कतें सामने आने लगी हैं। लगातार बारिश के कारण अब कई घरों में पानी घुस गया है।