भोपाल. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल जीत के दावे कर रही हैं। टिकटों को लेकर दोनों ही दलों में मंथन चल रहा है। लेकिन इन सबके बीच चुनाव से जुड़े मिथक भी हैं। इस मिथक के कारण नेताओं और राजनीतिक पार्टियों मे डर भी रहता है। महाकाल की नगरी उज्जैन में अप्रैल 2016 में सिंहस्थ कुंभ का आयोजन किया गया था। सिंहस्थ कुंभ से जुड़े मिथक ने सियासी तौर पर हलचल और बहस पैदा कर रखी है। मिथक यह है कि जब सिंहस्थ कुंभ आता है तो प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ती है या सत्ता बदल जाती है। मध्यप्रदेश में अभी तक पांच बार सिंहस्थ हुए हैं और हर बार यह संयोग रहा है कि किसी ना किसी कारण से वर्तमान मुख्यमंत्री की कुर्सी चली गई या फिर प्रदेश की सत्ता किसी दूसरे दल के पास चली गई।