
राहुल गांधी के 'मोहब्बत की दुकान' वाली बात पर गृहमंत्री ने कसा तंज, बोले- पहले नफरत के शोरूम बंद करें
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के 'मोहब्बत की दुकान' वाली बात पर तंज कसा है। नरोतत्म मिश्रा ने कहा कि, राहुल गांधी जिस मोहब्बत का पैगाम देने की बात कर रहे हैं, उसके पहले जो नफरतों के शोरूम साथ लेकर चल रहे हैं उसे बंद करें। इस दौरान नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि, उन्हें देश में नफरत फैलाने वाले कन्हैया कुमार और स्वरा भास्कर को बंद करना होगा। आपको बता दें कि, राहुल गांधी ने देशवासियों को नववर्ष पर एक ट्वीट करते हुए कहा था कि, उनका उद्देश्य देश में मोहब्बत फैलाना है। वहीं बीजेपी उनकी यात्रा में शामिल होने वालों को लेकर लगातार राहुल गांधी पर हमले कर रही है।
राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’
आपको बता दें कि, साल 2023 की बधाई देते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया था कि, 'उम्मीद है, 2023 में, हर गली, हर गांव, हर शहर में खुलेगी, मोहब्बत की दुकान।' इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राजस्थान में अलवर में जनसभा के संबोधन के दौरान उन्होंने कहा था कि, 'नफरत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं।' इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का भी आरोप लगाया था। राहुल ने कहा कि ‘मुझे रास्ते में बीजेपी के लोग भी मिल जाते हैं। मैं उनसे नफरत नहीं करता, विचारधारा के खिलाफ लड़ता हूं। हमारा धर्म, हमारा देश मोहब्बत का देश है, नफरत का नहीं।' उन्होंने कहा कि, इतनी लंबी यात्रा के दौरान मैंने देखा कि, देश के लोग एक दूसरे से मोहब्बत करते हैं और जाति, धर्म या प्रांत के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है। ये सिर्फ बीजेपी की राजनीति है और मैं इसी के खिलाफ मोहब्बत का संदेश देता चल रहा हूं।
एमपी के गृहमंत्री ने कसा तंज
राहुल गांधी के इसी बयान और ट्वीट पर जवाबी तंज कसते हुए मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोतत्म मिश्रा ने कहा कि, 'जैसे आलू से सोना नहीं बनता, वैसे ही मोहब्बत किसी दुकान पर कभी नहीं मिलती। आप जिस मोहब्बत का पैगाम देने की बात कर रहे हो, उससे पहले आप अपने साथ जो नफरतों का शोरूम लेकर चल रहे हो कन्हैया कुमार स्वरा भास्कर जैसे। पहले इनको बंद कराओ तब मोहब्बत की बात होगी।'
नरोत्तम मिश्रा ने आगे ये भी कहा कि, जो लोग देश तोड़ने की बात करते हैं, 'टुकड़े टुकड़े गैंग' वालों को अपनी यात्रा में शामिल करने के बाद राहुल गांधी आखिर मोहब्बत की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि, देश असलियत जानता है और कोई भी उनकी बातों में आने वाला नहीं है। जिस तरह राहुल ने चीन के मुद्दे पर और सेना को लेकर बयानबाजी की है, उनका और कांग्रेस का स्टैंड एक पार फिर साफ हो गया है। ऐसे में चाहे वो जितनी मोहब्बत की बात कर लें, लोग इस भूलभुलैया में आने वाले नहीं हैं।
Published on:
02 Jan 2023 05:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
