
ओमिक्रॉन अलर्ट-एमपी के कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश, 24 घंटे में 18 को कोरोना
भोपाल. मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना केस और विभिन्न राज्यों में देश-विदेश से पहुंच रहे लोगों में ओमिक्रॉन पाए जाने के कारण एमपी में भी अलर्ट किया जा रहा है। स्वास्थ्य आयुक्त ने इस संंबंध में प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं, कि वे अपने यहां आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखें, ताकि प्रदेश को ओमिक्रॉन से बचाया जा सके, साथ ही कोरोना संक्रमण भी नहीं फैल पाए।
हवाई अड्डे पर रहेंगे यात्री
ओमिक्रॉन से मध्यप्रदेश अलर्ट है। स्वास्थ्य आयुक्त आकाश त्रिपाठी ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि हाईरिस्क या जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखें। उनका आरटी-पीसीआर टेस्ट हो। इसकी रिपोर्ट आने तक इन यात्रियों को हवाई अड्डे पर रखा जाए। उनकी सैम्पलिंग, रिपोर्ट, आइसोलेशन से संबंधित पूरी जानकारी रोज भेजें। सैंपल जांच निगेटिव आने के बाद यात्रियों को जाने की अनुमति दी जाए। राज्य स्तर पर इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है। हालांकि उन्हें स्वयं सात दिन तक होम आइसोलेशन में रहने की सलाह भी दी जाएगी। अन्य देशों के यात्रियों को एयरपोर्ट छोडऩे की अनुमति व आगमन के बाद 14 दिनों के लिए अपने स्वास्थ्य की निगरानी की जाएगी। वहीं रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उनके सैम्पल जीनोमिक परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे।
मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे में 18 कोरोना के नए केस सामने आए हैं, जिसमें से 8 केस भोपाल में आए हैं। वहीं अन्य केस दूसरे शहरों में आए हैं।
यह रखें सावधानी
जिस प्रकार लोगों ने कोरोना की पहली और दूसरी लहर में जागरूकता का परिचय दिया, सरकार के एक आह्वान पर वे घर से बाहर नहीं निकले, सभी ने अपने आप को सुरक्षित रखने के लिए मास्क, सोशल डिस्टेसिंग सहित अन्य कोविड नियमों का पालन किया, अगर उसी प्रकार अब भी कोरोना से बचने के उपाए करें, तो निश्चित ही कोरोना को हराया जा सकता है।
-बगैर मास्क घर से बाहर नहीं निकलें।
-जहां तक जरूरी हो सके बाहर निकलें ही नहीं।
-जरूरी काम होने पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए बाहर निकलें।
-अपना काम निपटा कर तुंरत घर पहुंचे।
-भीड़ भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें।
-घर से बाहर केवल जरूरी चीजों की खरीदी करने ही निकलें, व्यर्थ की शॉपिंग में समय खराब न करें।
-आजकल ऑनलाइन खरीदी भी बेहतर ऑप्शन है, आप इसका उपयोग कर भी घर से बाहर निकलने से बच सकते हैं।
-थोड़े बहुत भी लक्षण नजर आए तो टोल फ्री नंबर पर कॉल करें या समीपस्थ चिकित्सक को दिखाएं।
Published on:
5 Dec 2021, 11:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.