भोपाल। एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक ने मंगलवार काे मीडिया से चर्चा में कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार कानून व्यवस्था के मामले में हर मोर्चे पर विफल हो गई है। राष्ट्रीय क्राईम रिकार्ड ब्यूरो ने वर्ष 2021 के लिए जो रिपोर्ट जारी की है, उसमें आदिवासियों पर अत्याचार में मप्र पहले स्थान पर है। प्रदेश में आदिवासियों पर 2627 अत्याचार के मामले दर्ज किये गये। बलात्कार के मामले में मप्र का रिकार्ड अत्यंत शर्मनाक रहा, प्रदेश में बलात्कार के 6462 मामले दर्ज हुए, इनमें से 3515 मामले नाबालिग से दुष्कर्म के हैं। नाबालिग से दुष्कर्म में मप्र देश में शीर्ष पर है। महिलाओं के साथ रेप के बाद हत्या के मामले में मप्र देश में तीसरे नंबर पर है।