9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बंद कर रखा था एक तरफ का मार्ग, तेज रफ्तार कार ने दो दोस्तों को रौंदा

गुरुदेव गुप्त चौराहा के पास एमपी नगर में हुआ दर्दनाक हादसा  

3 min read
Google source verification
news

accident

भोपाल. एमपी नगर इलाके में गुरुदेव गुप्त चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार दो लोगों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार कैब संचालक और बीमा एजेंट की मौत हो गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कूटर को वह करीब पचास मीटर तक घसीटते हुए ले गई। कार से स्कूटर अलग होने के बाद आरोपी कार समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दावा किया कि चालक कार को आइएसबीटी के पास लावारिस हालत में छोडकऱ फरार हो गया। हादसे की वजह घटना स्थल के पास पानी की पाइप लाइन बिछाने के लिए रात में एक ओर की सडक़ बंद करना सामने आया है। एमपी नगर पुलिस के मुताबिक, ओमनगर बिड़ला नगर निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद रिजवान कैब संचालक थे। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब दो बजे वह अपने दोस्त बीमा एजेंट बागफरहत अफजा निवासी 32 वर्षीय सादिक बेग को छोडऩे स्कूटर से उनके घर जा रहे थे। दोनों ने गुरुदेव गुप्त चौराहा के सामने से रोटरी क्रास कर थोड़ी आगे बढ़े ही थे कि देखा कि एक तरफ का रास्ता बंद है।

वह दूसरी तरफ के रास्ते से जाने लगे। इसी बीच मैदा मील की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार (डीएल9सीएजी8021) ने सामने से उनकी स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लहूलुहान होकर सडक़ पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने की वजह से दोनों की मौत हो गई। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता कि बाइक से टकराने के बाद उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। बंपर तक अलग हो गया था।

स्कूटर चला रहा रिजवान उछलकर कार के कांच पर गिरा

कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि 50 फीट तक स्कूटर को घसीटते ले गया। जबकि टक्कर लगने से रिजवान उछलकर कार के कांच पर गिरा। इसके बाद फिसलकर वह कार के नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। स्कूटर रिजवान की थी।


रिजर्व बैंक की तरफ जाने वाला मार्ग था बंद
इन दिनों एमपी नगर इलाके में पानी की पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इसके चलते कंस्ट्रक्शन कंपनी ने एमपी नगर से रिजर्व बैंक की तरफ जाने वाले एक मार्ग को शुक्रवार की रात बंद कर रखा था। गायत्री मंदिर की तरफ से आने बोर्ड आफिस की ओर जाने का एक तरफ का मार्ग खुला था। ऐसे में एक ही मार्ग से आने-जाने वाले गुजर रहे थे।

एंबुलेंस नहीं आई, राहगीर ने कार से अस्पताल पहुंचाया

घटना के दौरान रास्ते से गुजर रहे 22 वर्षीय अनिल कुशवाह निवासी कोटरा सुलतानाबाद ने सडक़ पर खून से लथपथ पड़े दोनों युवकों को अस्पताल भेजन डायल-100, 108 को फोन किया। काफी देर तक दोनों वाहन नहीं आए। ऐसे में अनिल खुद अपनी कार से सादिक को अस्पताल पहुंचाया। जहां, सादिक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

बारिश में चल रहा काम, सडक़ पर फेंक रखी मिट्टी

पाइप लाइन बिछाने का काम बरसात में हो रहा है। खुदाई के दौरान निकलने वाली मिट्टी को कंस्ट्रक्शन कंपनी सडक़ किनारे रखा रही है। हालात यह कि जिन जगहों पर पाइप लाइन बिछ गई है, वहां सडक़ से मिट्टी नहीं हटाई गई। ऐसे में आए रोज गीली मिट्टी में फिसलकर बाइक सवार हादसे का शिकार हो रहे हैं। वहीं, कंपनी कोई संकेतक भी नहीं लगाती है। बताया गया कि मार्ग डायवर्ट करने ट्रैफिक विभाग को भी कंपनी ने सूचित नहीं किया था।


सडक़ किनारे खड़े ट्राले में घुसा बाइक सवार, मौत

इधर, गुनगा इलाके में सरकंडी निवासी 45 वर्षीय लखनलाल सिंह की बाइक सडक़ किनारे खड़े ट्राले में जा घुसी। हादसे में उसकी मौत हो गई। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। लखनसिंह निजी काम करता था।