11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कट्टा अड़ाकर सरेराह युवक का अपहरण, कार में घुमाते हुए पीटते रहे बदमाश

बागसेवनिया क्षेत्र से कार सवार बदमाशों ने सरेराह युवक का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने करीब एक घंटे तक युवक को बंधक बनाए रखा और शहर में घुमाते रहे। बदमाश उस पर 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे।

2 min read
Google source verification
Kidnapping of a young man at gunpoint, miscreants kept beating him while driving him around in the car

Kidnapping of a young man at gunpoint, miscreants kept beating him while driving him around in the car

शहर में बदमाश पुलिस को दे रहे खुली चुनौती

भोपाल. बागसेवनिया क्षेत्र से कार सवार बदमाशों ने सरेराह युवक का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने करीब एक घंटे तक युवक को बंधक बनाए रखा और शहर में घुमाते रहे। बदमाश उस पर 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे। हालांकि दोनों पक्षों के बीच पुराना कोई लेनदेन नहीं है। अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की, इसकी भनक लगते ही बदमाश अरेरा हिल्स में कोर्ट के पास युवक को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बागसेवनिया पुलिस ने बताया कि दर्शन सिंह राजपूत सोमवार शाम करीब 5.30 दोस्त हरिओम राजपूत के साथ बाइक से कृष्णा आर्केट के सामने से गुजर रहा था। इस दौरान कार में सवार बाबू बंगाली, राजा खान, अजय व रोहित आए और बाइक के सामने कार लगा दी। बदमाश हाथ में कट्टा और तलवार लहरते हुए नीचे उतरे और हरिओम राजूपत को जबरदस्ती अपनी कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट करते हुए साथ ले गए।

पुलिस ने घेराबंदी की तो, युवक को छोड़कर भागे बदमाश

दोस्त दर्शन सिंह राजपूत ने पुलिस को अपने दोस्त हरिओम के अगवा किए जाने की खबर की। घटना की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को पता चला कि आरोपी घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर जिला अदालत के सामने युवक को छोड़कर भाग गए हैं। इसके बाद युवक जैसे-तैसे थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

आरोपियों ने मांगे 50 हजार

फरियादी एक पानी सप्लाई करने वाली कंपनी में काम करता है। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपियों का उसके दोस्त से विवाद चल रहा है। दोस्त के साथ रहने के कारण बदमाशों ने उसका अपहरण किया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उससे 50 हजार रुपए की मांग की थी। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड है। वह कटारा हिल्स के रहने वाले हैं। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

पहले भी हो चुकी हैं अपहरण और गोली चलाने की घटनाएं

केस 1
निशातपुरा थाना क्षेत्र में 11 सितम्बर की रात कार से आए बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में एक युवक का उसके घर से अपहरण कर लिया था। बाद में बदमाश उसे एक जगह छोड़कर फरार हो गए थे।

केस 2
8 सितम्बर को अशोका गार्डन क्षेत्र में एक्टिवा पर सवार होकर जा रहे दो युवकों को हत्या का अरोपी युवक पीडि़तों की एक्टिवा के सामने अपनी बाइक लगा दी। इसके बाद आरोपी ने कट्टे से फायर कर युवक को घायल कर दिया।

केस 3
पांच सितम्बर को कोलार में युवक को गोली मारने का मामला सामने आया था। इसमें एक युवक के पांव में गोली लगी थी। पुलिस की जांच पड़ताल में अवैध रूप से हथियारों की खरीद फरोख्त के दौरान गोली चलने का पता चला था। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

केस 4
4 अगस्त को वीआईपी रोड कर्बला के पास शालीमार अपार्टमेंट में स्थित फ्लैट में रहने वाले प्रापर्टी डीलर के घर में घुकसकर 6 से ज्यादा बदमाशों ने गोली मार दी थी। बदमाशों ने उसके सिर पर तलवार से भी हमला किया था।