5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सिस्टम के असर से नीचे आई ट्रफ लाइन , प्रदेश में एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून

  - गर्म वातावरण के बीच नमी भरी हवाएं आने से गरज-चमक के साथ बारिश -प्रदेश भर में सबसे ज्यादा बारिश भोपाल शहर में दो इंच
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Praveen Kumar Malviya

•

Updated: 29 Aug 2021, 11:33 PM IST

सिस्टम के असर से नीचे आई ट्रफ लाइन , प्रदेश में एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून

सिस्टम के असर से नीचे आई ट्रफ लाइन , प्रदेश में एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून

भोपाल. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से मानसून द्रोणिका नीचे आ गई है। मानसूनी सिस्टम और द्रोणिका के असर से नमी भरी हवाएं प्रदेश में आने लगी हैं। जिसके चलते एक सप्ताह से बनी मानसून ब्रेक की स्थिति खत्म हो गई है। प्रदेश में रविवार को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ जोरदार बौछारें पड़ीं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि, आगामी दो-तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में पश्चिम उत्तर बंगाल की खाड़ी में उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में समुद्र तल से 4.5 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके साथ ही विदर्भ के ऊपर अन्य चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। मॉनसून ट्रफ गंगानगर,अलवर से प्रदेश के ग्वालियर, सीधी से होती हुई अम्बिकापुर से निम्न दबाव के क्षेत्र तक जा रही है। कम दबाव के क्षेत्र के कल आगे बढऩे की संभावना है।

इसके असर से विदिशा, सागर, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा तो रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, भोपाल, होशंगाबाद, चंबल संभागों के जिलों में तथा ग्वालियर एवं दतिया जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
प्रदेश में शनिवार से रविवार सुबह तक बीते 24 घंटों में उमरिया में 36.6 मिमी या लगभग डेढ़ इंच, रीवा में 23 मिमी या लगभग एक इंच, बालाघाट में 21 मिमी या लगभग एक इंच, धार में 10.4 मिमी या लगभग आधा इंच तो मण्डला में तीन, रायसेन में1.4 तो गुना और छिंदवाड़ा में एक-एक मिमी बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में रविवार को सुबह जहां अधिकांश स्थानों पर मौसम खुला रहा, लेकिन धूप तपने और तापमान बढऩे के बाद कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारों का सिलसिला शुरू हो गया। रविवार शाम 5.30 बजे तक प्रदेश भर में सबसे ज्यादा बारिश भोपाल शहर में 52.8 मिमी या दो इंच दर्ज की जा चुकी थी। वहीं ग्वालियर में 23 मिमी या लगभग एक इंच, बैतूल में 20 मिमी या लगभग एक इंच, मंडला में 15 मिमी या आधा इंच से ज्यादा, खरगौन में सात मिमी या एक चौथाई इंच, रीवा में छह मिमी, होशंगाबाद और रतलाम में तीन-तीन, छिंदवाड़ा और नौगांव में दो-दो, गुना में एक मिमी बारिश हो चुकी थी, इनमें से अधिकांश इलाकों में रुक- रुककर बारिश जारी थी।