
ठंड का कहर : सीवियर कोल्ड डे की चपेट में आए कई शहर, अभी और गिरेगा तापमान
भोपाल/ राजस्थान की तरफ से आ रही उत्तरपश्चिमी सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश एक बार फिर शीतलहर की चपेट में हैं। इसी वजह से प्रदेश के कई इलाकों का तापमान बड़ी तेजी से गिर रहा है। रविवार रात को जहां सर्द हवाओं के कारण तापमान में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सोमवार सुबह मौसम साफ होने और धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाओं का प्रभाव ज्यादा देखने को मिला। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार रात को एक बार फिर प्रदेश के कई इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है। हालांकि, आगामी दिनों में कोई सिस्टम न होने के कारण मौसम शुष्क बना रहेगा। लेकिन उत्तर-पश्चिमी सिस्टम बना रहेगा, जिसके कारण सर्द हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। साथ ही, हवा की रफ्तार भी बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में ठंड और बढ़ेगी, लेकिन ये ज्यादा समय तक नहीं रहेगी।
जिलों का न्यूनतम तापमान
मौजूदा समय में मौसम में हुए बदलाव के चलते तापमान में सबसे अधिक गिरावट रविवार रात को दर्ज की गई। इस दौरान पचमगढ़ी में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा था, जो बीती रात प्रदेश का सबसे कम दर्ज हुआ तापमान रहा। इसके अलावा, उमरिया में 4.5 डिग्री, रायसेन और बैतूल में 5.2 डिग्री, ग्वालियर में 6.3 डिग्री, भोपाल में 9.9 डिग्री, इंदौर में 11 डिग्री, जबलपुर में 7 डिग्री, दतिया में 6.1 डिग्री, खरगोन में 7.2 डिग्री, राजगढ़ में 8.5 डिग्री। प्रदेश के अधिकतर शहरों का तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच ही दर्ज किया गया।
इन जिलों में रहा कोल्ड-डे, तो इनमें सीवियर कोल्ड-डे
मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा समय में मौसम में आए बदलाव का कारण उत्तर-पश्चिम की ओर से आ रही बर्फीली हवाएं हैं। इसके असर से प्रदेश के भोपाल, इंदौर, बैतूल, छिंदवाड़ा समेत कई शहरों में कोल्ड-डे ही रहा। वहीं, शिवपुरी में सीवियर कोल्ड डे रहा। इन शहरों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। इसके अलावा, अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड हुई।सोमवार की ही तरह रविवार को भी धूप होने के बावजूद ठंड महसूस की गई। वहीं रीवा, जबलपुर, सिवनी, सागर, बैतूल, धार, खरगौन जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा।
सर्द हवाओं से ठिठुरे बड़े शहर
प्रदेश की राजधानी भोपाल के तापमान में रविवार से जारी उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं का अधिक असर रविवार से देखा जा रहा है। यहां सुबह और शाम को सामान्य से अधिक ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां दिनभर कोल्ड-डे की स्थिति रही। न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। धूप के बावजूद अधिकतम तापमान भी 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी सोमवार सुबह से ही मौसम साफ होने के बावजूद ठंड का असर हावी नजर आ रहा है। यहां रविवार को तीखी धूप होने के बावजूद दिन में भी ठिठुरन महसूस की गई।वहीं, शाम होने तक सर्द हवाओं के कारण शहर की फिजा में ठिठुरन बढ़ा दी। शहर का अधिकतम तापमान तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Updated on:
10 Feb 2020, 1:20 PM IST
Published on:
10 Feb 2020, 1:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.