6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोलारस में यशोधरा की नाराजगी, मुंगावली में भी बगावत का खतरा

मलकीत छह फरवरी को दाखिल करेंगे पर्चा...

2 min read
Google source verification
BJP office

भोपाल। खींचतान के बीच भाजपा ने मुंगावली और कोलारस विधानसभा सीट पर उपचुनाव के के लिए उम्मीदवार तो लगभग तय कर लिए हैं, लेकिन उसकी उलझनें लगातार बढ़ रही हैं। मुंगावली में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मलकीत सिंह ने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का एेलान किया है। उधर कोलारस में देवेंद्र जैन को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की नाराजगी बढ़ सकती है।

मुंगावली में टिकट ना मिलने से नाराज मलकीत सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा पर आरोप लगाए हैं। मलकीत का कहना है, प्रभात झा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ साठगांठ कर बाई साहब यादव को टिकट दिलवाया है। बाई साहब यादव और कांग्रेस प्रत्याशी ब्रजेंद्र सिंह यादव एक ही परिवार से हैं। इसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा। मलकीत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा है कि प्रभात झा ने भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोंकने का काम किया है। उधर, कोलारस में देंवेंद्र जैन के साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए वीरेंद्र रघुवंशी, रामस्वरूप रिझारी और ओमप्रकाश खटीक भी टिकट की दावेदारी कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक यशोधरा रिझारी या खटीक को टिकट दिलाए जाने के पक्ष में रही हैं।

गौरतलब है कि शिवपुरी से ही यशोधरा राजे सिंधिया विधायक हैं, उसके बावजूद अभी तक उन्होंने कोलारस उपचुनाव से दूरी बनाए रखी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कोलारस में अब तक हुए ७ दौरों में से एक में भी यशोधरा उनके साथ नजर नहीं आई हैं।

एक मंच पर नजर आएंगे कांग्रेस के दिग्गज
उप चुनाव में कांगे्रस के दिग्गज नेता एक मंच पर नजर आएंगे। वे बुधवार को कोलारस व मुंगावली उप चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान मौजूद रहेंगे। इनमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय ङ्क्षसह प्रमुख हैं। प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस ने मुंगावली से ब्रजेन्द्र सिंह यादव व कोलारस से महेन्द्र सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया है।

पहले दिन नामांकन का नहीं खुला खाता
इधर, प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों, कोलारस व मुंगावली में उपचुनाव के लिए मंगलवार को पहले दिन नामांकन का खाता नहीं खुला। इसकी अंतिम तारीख छह फरवरी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार 31 को संत रविदास जयंती के अवकाश से नामांकन दाखिले की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी, इस दिन भी नामांकन जमा होंगे। दोनों ही क्षेत्रों में 24 फरवरी को मतदान और 28 को मतगणना होगी।

यूपी के आईएएस अफसर बनाए प्रेक्षक
निर्वाचन आयोग ने कोलारस व मुंगावली उपचुनाव के लिए प्रेक्षकों की नियुक्ति की है। यूपी कैडर के आईएएस अफसर क्षेत्र में आयोग की कमान संभालेंगे। पवन कुमार को कोलारस, राजेश कुमार को मुंगावली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। दोनों वर्ष 2008 बैच के हैं, इनकी तैनाती 28 फरवरी तक की गई है।