
मर्चुरी में रखे शव को चूहों ने कुतरा
बीजापुर/ जगदलपुर। CG News : बीजापुर के जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखे एक शव को चूहों ने कुतर दिया है। जिसके बाद बवाल मच गया है। शव की ऐसी स्थिति पर परिजन बेहद नाराज है, उन्होंने इसके लिए सीधे अस्पताल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।
इधर प्रबंधन ने एक वार्ड ब्वाय पर कार्रवाई कर खुद को घटना से परे रख दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक बीजापुर के एक व्यापारी दिलीप चांडक की माता सरस्वती चांडक का सोमवार को निधन हो गया था। अंतिम संस्कार अगले दिन होना था।
इसके लिए शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में रखा गया था। मंगलवार सुबह जब परिजन शव लेने अस्पताल पहुंचे तो शव की हालत क्षत-विक्षत थी। परिजनों द्वारा हल्ला मचाने पर अस्पताल स्टाफ वहां पहुंचा। जांच करने पर पाया गया कि इस मर्चुरी का डीप फ्रीजर बन्द था। जिससे चूहे यहां चूहों का आना-जाना था। इन्हीं चूहों ने रात भर में शव को कुतर डाला।
एयर पाइप कुतर कर घुसे चूहे
अस्पताल के सिविज सर्जन डॉ यशवंत ध्रुव ने बताया कि अस्पताल में शव रखने के लिए 9 कैबिन हैं पर जिस कैबिन में शव रखा गया था उसके एयर पाइप को चूहे कुतर कर उसके अंदर चले गए थे। इस मामले में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कहा कि कहा की पूरी जानकारी मिलने के बाद वार्ड ब्वाय को तत्काल सेवा से निलंबित कर दिया गया है।
दो में से एक फ्रीजर था खराब
बताया जा रहा है कि मर्चुरी में दो फ्रीजर हैं। इनमें से एक फ्रीजर खराब होने की वजह से उपयोग में नहीं आ रहा था। अस्पताल प्रबंधन को भी इसकी जानकारी थी। इधर जब सरस्वती चांडक का शव आया तो वार्ड ब्वाय ने परिजन के साथ उसके खराब वाले फ्रीजर में रखवा दिया।
Published on:
05 Oct 2023 03:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
