
नक्सलियों ने मचाया तांडव, एजाक्स मशीन को फूंका, देखें वीडियो
कांग्रेसी नेता के सड़क निर्माण में नक्सलियों ने मचाया तांडव, एजाक्स मशीन को फूंका, देखें वीडियो
बीजापुर/भैरमगढ़. जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र से गुरूवार को फिर एक बार नक्सलियों की बौखलाहट की सुगबुगाहट हो रही है। वहीं गुरूवार की शाम भैरमगढ़ मुख्यालय से महज कुछ दूरी पर ही सीसी सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। जहां नक्सलियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा कर निर्माण में लगी एजाक्स मशीन को आग के हवाले कर दिया है। वहीं यह फरमान भी सुनाया कि सड़क निर्माण करोगे तो जलेगी गाडिय़ां और मिलेगी मौत की सजा। मिली जानकारी के मुताबिक भैरमगढ़ से 2 किमी की दूरी पर स्थित जुनवानीपारा में गुरूवार की शाम अचानक हथियारबंद नक्सली पहुंचे।
मशीन में आग लगाकर भाग निकले नक्सली
भैरमगढ़ के नेशनल हाईवे से टिंटोड़ी गांव तक सीसी सड़क निर्माण कार्य जारी था। पहले तो उन्होंने निर्माण कार्य बंद करने को कहा, फिर निर्माण स्थल में ही वाहन का डीजल टैंक फोड़कर निकाला और एजाक्स मशीन पर छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। फिर वे जंगल की ओर भाग निकले। घटना के संबंध में यह बताया जा रहा है कि इस निर्माण कार्य का ठेका कांग्रेसी नेता अवधेश सिंह गौतम का है। जहां यह एजाक्स मशीन काम पर लगी हुई थी। हालांकि खबर लिखे जाने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
अब तक कुल 35 गाडिय़ां हुई आग के हवाले
ज्ञात हो कि नक्सलियों ने कुछ दिन पहले गंगालुर रोड पर पामलवाया के पास 7 वाहनों को व तुमनार के पास 6 वाहनों को आग लगाई थी। साथ ही ठेकेदार विशाल सरवैया की हत्या की थी, नक्सली लगातर सड़क निर्माण का विरोध कर रहे है और गाडिय़ों में आगजनी कर रहे है। इस नए वर्ष में बीजापुर जिले में अब तक कुल 35 गाडिय़ों को आग के हवाले कर चुके हैं।
Published on:
29 Mar 2018, 9:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.