
उपचुनाव LIVE: EVM में गड़बड़ी पर सपा ने कहा, भाजपा को जिताने के लिए रची गई साजिश
बिजनौर. नूरपुर विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान कई ईवीएम खराब होने की सूचना सुबह से ही आ रही थी। ईवीएम मशीन के खराब होने पर कई बूथों पर मतदान भी प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि मतदान से पहले ईवीएम मशीन की जांच ठीक से न होने के कारण मतदान के दौरान मशीन खराब होने का सिलसिला जारी है। सपा विधायक ने भारत निवार्चन आयोग से 113 ईवीएम खराब होने की सूचना फैक्स के जरिये की है। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा है कि उपचुनाव में भाजपा को जिताने के लिए ये साजिश रची गई है।
नगीना सीट से सपा विधायक मनोज पारस ने आरोप लगाते हुए कहा है कि 113 ईवीएम खराब होने की सूचना है, लेकिन अभी तक मशीन के खराब होने पर जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है और न ही भाजपा की ओर से शिकायत की गई है। हमने चुनाव आयोग और अपने पार्टी प्रवक्ता को फैक्स के माध्यम से शिकायत भेज दी है। उन्होंने मशीनों की खराबी को सीधे तौर पर भाजपा की साजिश करार देते हुए जहां चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं, वहीं ये भी कहा कि भाजपा को जिताने के लिए ही यह खेल किया जा रहा है।
बता दें कि बिजनौर के नूरपुर क्षेत्र के खालसा कॉलेज के बूथ संख्या 261, विजयनंगला, जमालपुर कीरत, मुरैना, जहांगीरपुरा, मंगलखेड़ा, नूरपुर, गांव अजगरपुरी सहित कई मतदान केंद्रों पर मशीन खराब होने की सूचना है। वहीं कई मतदान केंद्रों पर मशीन खराब होने के चलते सैकड़ों मतदाताओं को वापस लौटना पड़ा है। कई जगह मतदान बाधित हाेने पर लोगों ने हंगामा भी किया। जिला प्रशासन के अधिकारी सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी बूथ एजेंटों को बुलाकर ईवीएम मशीन को बदलने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।
Published on:
28 May 2018 01:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
