
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुचेरा थाना क्षेत्र में बुटाटी सरहद पर सोमवार दोपहर में बोलेरो व कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस 108 व निजी वाहनों से कुचेरा व मेड़ता सिटी अस्पताल पहुंचाया गया। कुचेरा से सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर नागौर रेफर कर दिया। इनमें से चार जनों को गंभीरावस्था में जोधपुर रैफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बीकानेर जिले की नोखा तहसील के पांचू थाना क्षेत्र के मांडेलिया गांव निवासी करणसिंह (78), किशनसिंह (78), गुमानसिंह (74) एवं दुर्गसिंह (55) पुत्र धूकलसिंह चारों भाई अपने परिजन गंगासिंह (65) पुत्र शैतानसिंह, प्रतापसिंह (30) पुत्र किशनसिंह व मनोहरसिंह (47) पुत्र सांवतसिंह के साथ बोलेरो जीप से क्षेत्र के खींयांस गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलकर लौट रहे थे, वहीं जिले के परबतसर थाना क्षेत्र के पीपलाद गांव निवासी नीतू, आचू, संजू, कैलाश व नरेंद्र कार में बुटाटी धाम परिक्रमा कर लौट रहे थे।
बुटाटी व पूनास फांटा के बीच दोनों वाहनों में आमने सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। गनीमत रही कि तब तक दोनों वाहनों में सवार सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया। टक्कर में 13 जने घायल हो गए। इनमें से बोलेरो में सवार सात जनों को एम्बुलेंस व निजी वाहनों से कुचेरा के राजकीय चिकित्सालय लाया गया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागौर रेफर कर दिया।
तो सभी जल जाते
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई और कुछ ही समय में दोनों वाहनों से लपटें निकलनी शुरू हो गई। आसपास की ढाणियों में रहने वाले लोगों व वाहन चालकों ने सतर्कता व मानवीयता दिखाते हुए पुलिस के सहयोग से दोनों वाहनों में सवार सभी 13 घायलों को बाहर निकाल लिया। वरना बड़ा हादसा घटित हो जाता।
Published on:
24 Oct 2017 10:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
