
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा सैकंडरी और सीनियर सैकंडरी परीक्षा के परिणाम जारी हुए एक महीना हो चुका है, लेकिन अब तक शाला दर्पण पोर्टल पर यह परिणाम अपलोड नहीं किए गए हैं। जबकि विभाग की ओर से दो बार स्पष्ट आदेश जारी किए जा चुके हैं। अब विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि 14 जुलाई तक परीक्षा परिणाम पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए, तो संबंधित संस्था प्रमुखों को 15 जुलाई को अपने लैपटॉप सहित निदेशालय उपस्थित होना होगा।
पहले भी दिए जा चुके हैं आदेश
पहला आदेश 31 मई को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजा गया था, जिसमें 8 जून तक परीक्षा परिणाम अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इस समयसीमा तक भी कार्य पूरा नहीं हुआ। इसके बाद 13 जून को एक बार फिर निर्देश जारी किए गए, फिर भी अधिकांश स्थानों पर लापरवाही बनी रही। मोबाइल पर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए, परंतु अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
अब 14 जुलाई तक की अंतिम मोहलत
5 जुलाई को जारी नवीनतम आदेश में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 14 जुलाई तक यह कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए। यदि तय समयसीमा में यह कार्य नहीं किया गया, तो संबंधित संस्था प्रधानों को 15 जुलाई को लैपटॉप सहित निदेशालय बुलाया जाएगा। साथ ही विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि परिणाम अपलोड नहीं किए जाते या गलत प्रविष्ट किए जाते हैं, तो जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संस्था प्रधानों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
अतिरिक्त निदेशक गोपालराम बिरदा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि परिणाम अपलोड नहीं करने की स्थिति में संबंधित संस्था प्रमुखों और जिला अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। विभाग इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए आगे सख्त कदम उठाएगा।
Updated on:
14 Jul 2025 12:18 am
Published on:
14 Jul 2025 12:18 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
