26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सैटेलाइट फोन रखने वाले जासूस का रहस्य बरकरार

सेना के टॉवर के पास घूम रहे संदिग्ध से पूछताछ  
2 min read
Google source verification
bikaner news

सैटेलाइट फोन रखने वाले जासूस का रहस्य बरकरार

बीकानेर. सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बीकानेर क्षेत्र विदेशी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर है। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के पास सैटेलाइट फोन को ऑन करने वाला जासूस १५ दिन से रहस्य बना हुआ है। खुफिया एजेंसियां सैटेलाइट फोन ऑन करने वाले को पड़ोसी देशी पाकिस्तान का जासूस मानकर तलाश कर रही है। एजेंसियों ने जानकारियां जुटाकर पड़ताल शुरू करने के साथ ही चौकसी बढ़ा रखी है। इसी सतर्कता के चलते बज्जू क्षेत्र में सेना के एक टॉवर के पास घूम रहे संदिग्ध को दबोचा गया है। जिससे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त पूछताछ (जेआइसी) कर रही है।


खुफिया सूत्रों के अनुसार २७ जनवरी की रात को महाजन फील्ड फायरिंग रेंज से सटी सरकारी भूमि पर एक कमरे के नजदीक रेत के टीले पर सैटेलाइट फोन ऑन होने के सिग्नल ट्रेस हुए थे। नॉर्थ इंडिया के फ्रिक्वेंसी ट्रेस सेंटर की रडार ने जैसे ही सिग्नल ट्रेस किए तुरंत सीआइडी और सेना की खुफिया विंग को सूचना की। इसके बाद महाजन से सेना और पुलिस का दल सैटेलाइट फोन ऑन होने के स्थान पर पहुंचा लेकिन, तब तक फोन उपयोग करने वाला वहां से निकल चुका था। इसके बाद इलाके में सक्रिय पुलिस, सेना और बीएसएफ सहित सभी केन्द्रीय एजेंसियां अलर्ट हो गई।

जासूस होने का शक
सैटेलाइट फोन को जिस तरह से सैन्य क्षेत्र से सटे वीरान इलाके में ऑन किया गया उससे स्पष्ट है कि यह जानबूझकर किया गया। खुफिया सूत्रों के मुताबिक एजेंसियों का मानना है कि इस इलाके में पाकिस्तान या अन्य किसी देश की खुफिया एजेंसी का जासूस है। उपयोग किया गया सैटेलाइट फोन यूके या यूएसए का है। यह कोई स्थानीय व्यक्ति भी हो सकता है लेकिन यह शातिर है। उसे पता था कि सिग्नल ट्रेस होने के बाद सेना और पुलिस सक्रिय होगी लेकिन उस तक पहुंचने में आधे से एक घंटे का समय लग जाएगा। तब तक वह आसानी से बच निकलेगा।

दुनियाभर की एजेंसियों की नजर
बीकानेर क्षेत्र पर दुनिया के प्रमुख देशों की खुफिया एजेंसियों की नजर रहती है। यहां पर एशिया की सबसे बड़ी युद्धाभ्यास की रेंज महाजन फील्ड फायरिंग रेंज है। नाल एयरफोर्स स्टेशन, सूरतगढ़ और बीकानेर सैन्य छावनियां होने के साथ ही यहां से जैसलमेर की तरफ सीधा हाइवे निकलता है। जिस पर भारत के परमाणु परीक्षण करने वाला स्थल पोकरण भी स्थित है। एेसे में पाकिस्तान सहित अन्य देशों की एजेंसियां बीकानेर और आस-पास के क्षेत्र की हर गतिविधि पर नजर रखती है।


बज्जू में पकड़ा संदिग्ध है शातिर
उधर, बज्जू थाना क्षेत्र में सेना के एक टॉवर के आस-पास घूम रहे संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया है। प्रारिम्भक पूछताछ के बाद उसे बज्जू पुलिस को सौंपा गया। अब इस संदिग्ध की जेआइसी (संयुक्त पूछताछ) कराई जा रही है। पूछताछ में यह स्वयं को भिखारी और मूलत: हरियाणा का रहने वाला बता रहा है। एक पुलिसकर्मी को उसके निवास की तस्दीक के लिए भेजा गया है। यह संदिग्ध शातिर प्रवृत्ति का है। एेसे में एजेंसियां भी इसे लेकर गंभीर है।