
बहुजन समाज पार्टी के सदस्यों ने बकरियों की मांगों को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने बकरियों को साथ लेकर नारेबाजी की और उनके लिए चारा, दवाइयां मुहैया कराने की मांग रखी। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन भी जिला कलक्टर को सौंपा।
बसपा सदस्यों ने मांग रखी कि शहर के बकरी पालकों को सस्ता चारा और बकरियों के लिए सस्ती दवाइयां मुहैया कराई जाए। साथ ही छीपों का मोहल्ला, कसाइयों की बारी, चौखूंटी व मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में सस्ते चारे के डिपो खोले जाएं।
उन्होंने कहा कि नौ से दस मोहल्लों में लगभग सभी घरों में बकरी पालन होता है, इस कारण एक पखवाड़े में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाना चाहिए। दुग्ध वृद्धि के लिए बकरियों की सेमिनार मोहल्लेवार आयोजित की जाए। प्रदर्शन में बसपा के महानगर शहर जिला अध्यक्ष अताउल्ला, नारायण हरि लेघा, गुलशन, महफूज अली, हुसना आदि शामिल हुए।