10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नहरबंदी खत्म पर नहीं हुए हालात सामान्य,डिग्गी में उगे खरपतवार

ग्रामीणों में रोष अरजनसर की डिग्गी में उगे खरपतवार

2 min read
Google source verification
Canalization

लूणकरनसर. नहरबंदी के खत्म होने के बावजूद जलदाय विभाग की अनदेखी से कस्बे के कई मोहल्लों में जलसंकट से हालात दयनीय बने है। ग्रामीणों में जलदाय विभाग के उदासीन रवैये से रोष व्याप्त है। लूणकरनसर की मण्डी आवासीय कॉलोनी में गत एक महीने से चरमराई जलापूर्ति व्यवस्था नहरबंदी समाप्त होने के बावजूद सुचारू नहीं होने से लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। कॉलोनी निवासी श्रीराम लेघा ने बताया कि जलदाय विभाग की ओर से मोहल्ले की जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर सारसंभाल नहीं ली जा रही है। मण्डी के सेक्टर तीन में दर्जनों में घरों में पानी नहीं पहुंचने से लोग कीमत चुकाकर टैंकर डलवाने को विवश है।

ऐसे ही हालात मण्डी के सेक्टर चार कालबेलिया बस्ती, वार्ड ३२, वार्ड ३३ समेत दूरदराज के वार्डों में है। यहां महिलाओं को सिर पर पानी के मटके ढोने पड़ रहे है। जलसंकट से परेशान ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। भीखनेरां पंचायत के गांवों में भीषण गर्मी में अपर्याप्त जलापूर्ति से जलसंकट गहराया है। सरपंच देवीलाल धतरवाल ने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू करने के लिए पानी के टैंकर की मात्रा बढ़ाई जाए। भीषण गर्मी में जिला प्रशासन ने जलदाय विभाग को जल भंडारण के पात्रों की सार-संभाल करने व पर्याप्त जलापूर्ति व्यवस्था के निर्देश दे रखे है। इसके विपरीत अरजनसर में करोड़ों की जलप्रदाय योजना नकारा हालत में होती जा रही है। डिग्गियों की साफ-सफई नहीं होने से झाडिय़ां व खरपतवार उग गई है। एक डिग्गी में पाइप बिछी हुई लेकिन फिल्टर आज तक नहीं लगाया है। इससे अरजनसर की करीब ७५ फीसदी आबादी बिना फिल्टर का पानी पीने को विवश है। हालांकि जलदाय विभाग ने १.३० करोड़ रुपए की राशि योजना के लिए स्वीकृत बताई जा रही है।

पीने के पानी का संकट गहराया
मंडी 465 आरडी. राणेर पंचायत के चक 10 जीएम व 12 एसएलडी में इन दिनों पीने के पानी का संकट गहरा गया है। चक 12 एसएलडी के श्रवणराम ने बताया कि चक में बनी डिग्गियों में पानी सूख चुका है और जो पानी बचा है। वह पीने योग्य नहीं ह। गांव में एक नलकूप भी बना है लेकिन वह खराब पड़ा है। इस कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। यही हाल चक 10 जीएम की आबादी का है। यहां बनी डिग्गियों की सफाई नहीं होने से पानी दूषित हो गया है तथा पीने लायक नही है। चक निवासी जयनारायण ने बताया की डिग्गियों में नहर से पानी भरा जाता है लेकिन फिल्टर खराब रहने से गन्दा पानी ही पीना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की है।